STF पर जानलेवा हमला, 3 पुलिसकर्मी घायल, डी.एम.सी. में भर्ती

punjabkesari.in Thursday, Jul 12, 2018 - 11:08 AM (IST)

लुधियाना (अनिल): महानगर में नशे के खिलाफ सख्ती से कार्रवाई करने वाली एस.टी.एफ. की टीम पर आज 14 लोगों ने जानलेवा हमला कर दिया। हमले में 3 पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तुरंत सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया परंतु उनकी गंभीर हालत को देखते डी.एम.सी. अस्पताल रैफर कर दिया गया।

थाना मोती नगर के प्रभारी रणदेव कुमार व थानेदार रछपाल सिंह ने बताया कि पुलिस को दी शिकायत में हवलदार मक्खन सिंह ने बताया कि एस.टी.एफ. में तैनात थानेदार सुखदेव सिंह, सिपाही मनवीर सिंह व सिपाही दविंद्र सिंह अपनी कार में ट्रांसपोर्ट नगर में संदिग्ध व्यक्ति गुरप्रीत सिंह गोपी से पूछताछ कर रहे थे। इसी दौरान वहां कुलविंद्र सिंह, परमजीत सिंह, जसवीर सिंह व उनके 9-10 साथी आ धमके और गोपी को धक्के से छुड़वा लिया। जब टीम ने विरोध किया तो उक्त सभी ने ईंटें-पत्थर बरसाने शुरू कर दिए, जिसमें 3 पुलिसकर्मी घायल हो गए। हमलावरों ने पुलिस की कार को भी तोड़ दिया।

जांच अधिकारी ने बताया कि उक्त लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास, सरकारी ड्यूटी में बाधा डालने सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने एक आरोपी गुरप्रीत सिंह गोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि कुलविंद्र सिंह, जसवीर सिंह, परमजीत सिंह सहित उनके अन्य अज्ञात साथी फरार हैं।

Vatika