जलस्तर घटा लेकिन तेज बहाव केे कारण खतरा, मत्तेवाड़ा काम्पलैक्स के निकट पड़ी 300 फुट दरार

punjabkesari.in Thursday, Aug 22, 2019 - 01:43 PM (IST)

लुधियाना(गौतम, शारदा): मत्तेवाड़ा काम्पलैक्स के अधीन आते सतलुज दरिया में गांव गढ़ी फाजिल्का में बेड़ी वाले स्थान पर पानी के तेज बहाव के कारण 300 फुट लंबी दरार पड़ गई। प्रात: करीब 4 बजे गांव के सरपंच गुरनाम सिंह मौके पर गए तो उन्होंने देखा कि दरगाह के निकट वृक्ष लगातार गिर रहे हैं।

उन्होंने ड्यूटी पर सो रहे प्रशासनिक अधिकारियों को जगाया, गांव में जाकर अनाऊंसमैंट करवाई और आसपास के गांवों के लोगों को सूचित किया। गांवों के करीब 500 युवक मौके पर पहुंच गए और बचाव कार्य में जुट गए। केवल डेढ़ फुट चौड़ी सड़क ही बची थी लेकिन समय  रहते पता चल जाने पर बचाव कार्य शुरू कर दर्जन के करीब गांवों का नुक्सान होने से बचा लिया गया। बचाव कार्य चल ही रहा था कि बुधवार को शाम को उससे कुछ दूरी पर 2 अन्य स्थानों पर 200 फुट व 50 फुट की लंबी दरार पड़ गई। पता चलते ही प्रशासनिक अधिकारी व देर सायं एन.डी.आर.एफ. की टीम भी मौके पर पहुंच गई जिन्होंने बचाव कार्य शुरू किया।

हालांकि प्रशासन द्वारा केवल 60 फुट दरार पडऩे की पुष्टि की गई है। पता चलते ही डी.सी. प्रदीप अग्रवाल, पुलिस कमिश्नर डा. सुखचैन सिंह, डी.सी.पी. अश्विनी कपूर, ए.सी.पी. दविंद्र चौधरी, ए डी सी. इकबाल सिंह संधू, जसपाल सिंह गिल, एस.डी.एम. पूर्वी अमरजीत सिंह बैंस, एस.डी.एम. खन्ना संदीप सिंह मौके पर पहुंचे,जबकि चीफ सैक्रेटरी-कम-फाइनैंस कमिश्नर के.बी.एस. संधू मौके पर जायजा लेने के लिए पहुंचे। डी.सी. ने ढोलेवाल स्थित मिलिट्री काम्पलैक्स के स्टेशन कमांडर को खत लिख मत्तेवाड़ा में सेना भेजने के लिए कहा व सेना ने मौके पर पहुंच लोगों  को सुरक्षित ले जाने का काम शुरू कर दिया था। मुख्य सचिव सिद्धू ने बताया कि चीफ इंजीनियर को बाढ़ के पानी से बचाव के लिए दो करोड़ रुपए सरकार की ओर से जारी किए हैं। सरकार ने प्रधानमंत्री से भी  1700 करोड़ की सहायता राशि का पैकेज देने की मांग की गई है।

 

Vatika