डकैती की योजना बनाते कुख्यात गिरोह के 4 सदस्य गिरफ्तार

punjabkesari.in Saturday, Jul 13, 2019 - 10:45 AM (IST)

लुधियाना(महेश): सदर पुलिस ने वीरवार को डकैती की योजना बनाते हुए एक कुख्यात गिरोह के 4 सदस्यों को गिरफ्तार करके उनके कब्जे से 315 बोर का देसी कट्टा, 2 चाकू, गंडासा, पेचकस, 12 मोबाइल व डिलीवरी ब्वाय से छीना गया पार्सल बरामद किया है, जबकि इनका एक साथी पुलिस को चकमा देकर भागने में कामयाब हो गया।  

पकड़े गए आरोपियों की पहचान गुरप्रीत सिंह (25), सुखराज सिंह उर्फ राजू (31), दिलजोत सिंह उर्फ जोत (23) व गुरप्रीत सिंह उर्फ बॉबी (30) के रूप में हुई है, जबकि फरार आरोपी का नाम भीम है। पांचों आरोपी थाना सुधार के अंतर्गत आते गांव बोपाराय के निवासी हैं जोकि नशे के आदी हैं। ए.डी.सी.पी. जसकिरण सिंह तेजा ने उक्त जानकारी देते हुए प्रैसवार्ता में बताया कि इस गिरोह को गुप्त सूचना के आधार पर इंस्पैक्टर सुखपाल सिंह बराड़ व ए.एस.आई. अश्विनी कुमार की टीम ने पक्खोवाल के ड्रीम विला इलाके से काबू किया।

सूचना मिली थी कि मुंह बांध हथियारों के बल पर राहगीरों से लूटपाट करने वाला यह गिरोह शहर में बड़ा हाथ मारने की तैयारी में है। इस पर तत्काल कानूनी प्रक्रिया पूरी करके कार्रवाई को अमल में लाया गया और हथियारों सहित 4 लोगों को काबू कर लिया गया। बाद मे पकड़े गए आरोपियों की निशानदेही पर उक्त सामान बरामद किया गया। उन्होंने बताया कि जांच के दौरान यह बात सामने आई कि गुरप्रीत व सुखराज इस गिरोह के सरगना हैं। करीब अढ़ाई महीने पहले ही ये लोग जमानत पर जेल से छूटे थे जिन्होंने बाहर आते ही फिर से लूटपाट की वारदातों को अंजाम देना शुरू कर दिया। इन्होंने 2 दर्जन के करीब लूटपाट की वारदातों में अपनी संलिप्तता कबूली है। पूछताछ के लिए इनका 2 दिन का रिमांड लिया गया है। 

Vatika