लुधियाना में डेंगू से 5 मरीजों की मौत

punjabkesari.in Saturday, Nov 09, 2019 - 10:06 AM (IST)

लुधियाना (सहगल): महानगर में डेंगू के प्रकोप के चलते पिछले कुछ दिनों में पांच और मरीजों की मौत हो गई है। इनमें से दो मरीज जम्मू के, एक जालंधर तथा दो लुधियाना के रहने वाले हैं। सूत्रों के अनुसार डेंगू से मरने वाले मरीजों की संख्या कुछ अधिक भी हो सकती है  उपरोक्त मरीज एक ही अस्पताल में भर्ती हुए बताए जाते हैं।

शहर के प्रमुख अस्पतालों में डेंगू के मरीजों की संख्या 2500 से अधिक हो गई बताई जा रही है। इनमें करीब 2100 मरीज अकेले दयानंद अस्पताल में ही भर्ती हो चुके हैं। विशेषज्ञों के अनुसार पिछले कुछ दिनों में डेंगू के मरीजों का अनुपात जिस कदर बढ़ा है अगर कुछ दिन और चलता रहा तो पिछले सभी रिकॉर्ड टूट सकते हैं। अकेले दयानंद अस्पताल में ही 24 घंटे में 100 के करीब मरीज भर्ती हो रहे हैं गत रात्रि अस्पताल में डेंगू के 60 संदिग्ध मरीज भर्ती हुए। वहीं राज्य के स्वास्थ्य विभाग ने पंजाब में चले डेंगू के प्रकोप के मद्देनजर सभी जिलों की रिपोर्ट पर 2403 मरीजों की पुष्टि की है। यहां यह भी गौरतलब है कि अकेले लुधियाना में ही मरीजों की संख्या 2500 से पार हो गई है।

डेंगू के मरीजों में बढ़ौतरी जारी, कई अस्पतालों के हाथ खड़े
महानगर में डेंगू के मरीजों का सामने आना निरंतर जारी है। अस्पतालों में मरीजों को भर्ती करने की जगह कम पड़ती जा रही है। इस क्षेत्र के अग्रणी अस्पताल दयानंद अस्पताल में भी मरीजों की वेटिंग चल रही है। अस्पताल के हर वार्ड में डेंगू के मरीजों को एडजस्ट किया जा रहा है जबकि अन्य अस्पतालों में भी जिनकी बैड कैपेसिटी कम है उन्होंने अभी से हाथ खड़े करने शुरू कर दिए हैं। लोगों का कहना है कि अगर यही आलम रहा तो निजी अस्पतालों में भी सिविल अस्पताल की तरह एक बिस्तर पर दो-दो मरीज एडजस्ट करने की नौबत आ सकती है। 

Vatika