चॉकलेट का झांसा देकर 6 साल के बच्चे को किया किडनैप

punjabkesari.in Tuesday, Jun 05, 2018 - 10:18 AM (IST)

लुधियाना(तरुण): थाना डिवीजन नं. 3 के इलाके में एक आरोपी ने 6 साल के मासूम बच्चे को चॉकलेट का लालच देकर किडनैप कर लिया। किडनैपिंग की सूचना मिलते ही हरकत में आई इलाका पुलिस ने पौने 2 घंटे के भीतर आरोपी को रेलवे स्टेशन के निकट से काबू कर बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया है।

आरोपी की पहचान संजय कुमार निवासी धर्मपुरा व मूल रूप निवासी आजमगढ़ यू.पी. के रूप में हुई है।थाना प्रभारी कमलदीप सिंह ने बताया कि 6 वर्षीय अर्शदीप सिंह ढोका मोहल्ला का रहने वाला है जोकि यू.के.जी. का छात्र है। सोमवार सुबह वह गली में खेल रहा था। तब आरोपी ने चॉकलेट का लालच देकर बच्चे को किडनैप कर लिया। आरोपी बच्चे को लेकर भागने की फिराक में था। पुलिस ने पौने 2 घंटे के भीतर रेलवे स्टेशन के निकट से आरोपी को काबू लिया। तब आरोपी ने जमकर शराब पी हुई थी। इलाका पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विभिन्न आपराधिक धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने बच्चे को सकुशल माता पिता के हवाले कर दिया है।

सी.सी.टी.वी. फुटेज के जरिए हुई आरोपी की पहचान
जांच अधिकारी सुरिन्द्र सिंह ने बताया कि सवा 9 बजे अर्शदीप गली में खेल रहा था। कुछ देर बाद उसका पिता सतनाम सिंह बेटे को देखने गया तो वह गली में नहीं था। अर्शदीप धर्मपुरा की गली नं. 1 में रहता है। जहां एक करियाना स्टोर के बाहर सी.सी.टी.वी. कैमरा लगा हुआ था। सतनाम सिंह ने तुरंत सी.सी.टी.वी. फुटेज देखी और आरोपी को पहचान कर पुलिस को जानकारी दी। 

पेड़ के नीचे बैठ कर रहा था ट्रेन का इंतजार 
जांच अधिकारी सुरिन्द्र सिंह ने बताया कि बच्चे को किडनैप करने के बाद आरोपी रेलवे स्टेेशन चला गया। जहां वह स्कूटर स्टैंड के भीतर एक पेड़ के नीचे बैठ गया। इस दौरान पुलिस मौके पर पहुंच गई और आरोपी को काबू कर लिया। पूछताछ दौरान आरोपी संजय ने पुलिस को बताया कि वह पेड़ के नीचे बैठ कर गांव जाने वाली ट्रेन का इंतजार कर रहा था। 

बच्चे को अगवा कर ले जाता गांव
आरोपी संजय कुमार शादीशुदा है। आरोपी की पत्नी और 2 बच्चे आजमगढ़ यू.पी. में रहते हैं। करीब 13 साल से संजय लुधियाना में काम कर रहा है। आरोपी शिंगार सिनेमा रोड के निकट स्थित स्लीक लाइन फैक्टरी में नौकरी करता है। आरोपी ब"ो को अगवा कर गांव ले जाने वाला था। जहां वह बच्चे से मजदूरी करवा कर पैसे कमाने की सोच रहा था। 

Vatika