तेजधार हथियारों से लैस बाइक सवारों ने युवक पर किया हमला

punjabkesari.in Thursday, Nov 14, 2019 - 02:25 PM (IST)

जगराओं (भंडारी): कमल चौक जगराओं में स्थित एक बूट हाऊस के सामने दिन-दिहाड़े तेजधार हथियारों से लैस बाइक सवारों ने एक 25 वर्ष के युवक पर रंजिश के चलते हमला कर दिया जिस कारण युवक गंभीर रूप से घायल हो गया और आरोपी मौके से फरार हो गए। घायल को सिविल अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। युवक के सिर पर तेजधार हथियारों के गहरे घाव हैं।

घटना के बाद मौके पर पहुंचे एस.एच.ओ. सिटी इंस्पैक्टर निशान सिंह ने कमल चौक के दुकानदारों से घटना की जानकारी लेने के पश्चात सिविल अस्पताल जगराओं में जाकर घायल सुखविंद्र सिंह से पूछताछ की तथा घटना का ब्यौरा प्राप्त किया। एस.एच.ओ. इंस्पैक्टर निशान सिंह ने बताया कि घायल युवक सुखविंद्र सिंह वासी चौकीमान की पत्नी सिविल अस्पताल जगराओं में दाखिल थी। दोपहर लगभग 1 बजे किसी अन्य साथी सुरिंद्र कुमार वासी जगराओं के साथ बाइक पर कमल चौक में बूट बदलवाने व अन्य किसी काम के आया था कि 2-3 बाइकों पर 5-6 युवक तेजधार हथियारों के साथ आए।

युवकों ने सुखविंद्र सिंह पर हमला करके उसे घायल कर दिया जबकि बाइक पर पीछे बैठा सुरिंद्र कुमार बचकर भाग निकला। घायल सुखविंद्र सिंह के सिर तथा शरीर के अन्य भागों पर कई घाव हैं। सुखविंद्र सिंह ने 2 हमलावरों की पहचान के बारे में जानकारी दी है। एस.एच.ओ. ने बताया कि अस्पताल से एम.एल.आर. की रिपोर्ट आने के पश्चात तथा घायल युवक के बयानों पर आरोपियों के विरुद्ध केस दर्ज करके आरोपी गिरफ्तार कर लिए जाएंगे। 

Vatika