शादी के 3 साल बाद दहेज की बलि चढ़ी विवाहिता

punjabkesari.in Wednesday, Nov 21, 2018 - 04:50 PM (IST)

लुधियाना (ऋषि): शादी के 3 वर्षो बाद 24 वर्षीय विवाहिता दहेज की बलि चढ़ गई। अस्पताल में मौत होने के बाद पति सहित ससुराली अस्पताल में ही शव छोड़कर फरार हो गए। उक्त  मामले में थाना ढाबा की पुलिस ने मृतका के पिता के बयान पर दहेज हत्या का केस दर्ज कर अस्पताल से शव कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। 

थाना प्रभारी एस.आई. पवित्र सिंह के अनुसार मृतका की पहचान सुमन कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके पिता अमरनाथ कुमार की शिकायत पर पति सुशील कुमार जेठ मलेश्वर कुमार और सुलेश कुमार,जेठानी गुड््िडयां और गयादेवी के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस को दिए बयान में पिता ने बताया कि वह बिहार के रहने वाले है, 3 वर्ष पहले बेटी की शादी सुशील कुमार के साथ की थी, जिसके बाद से ही दहेज की मांग को लेकर उनकी बेटी को तंग परेशान किया जाने लग पड़ा। 7 महीने पहले ससुराल पक्ष के लोग रहने के लिए गुरमेल नगर, डाबा में बिहार से आए थे, उनका दामाद लेबर का काम करता है।

लुधियाना आने के बाद उनकी दहेज की मांग और बड़ गई। उन्होंने बेटी का घर बसाने के लिए पहले कपड़े धोने की मशीन, फिर नया बैड लेकर दिया, लेकिन अब ससुराली 2 लाख कैश और फ्रिज मांग रहे थे। शनिवार को उन्हें फोनकर ससुरालियों ने बताया कि उनकी बेटी ने कोई जहरीला पदार्थ निगल लिया है, जिसके 1 दिन बाद ही उसने दम तोड़ दिया। मृतका के परिजनों का आरोप था कि उनकी बेटी ने जहरीला पदार्थ निगला नहीं है। उसे ससुरालियों ने जबरदस्ती खिलाया है, वहीं मौत की खबर पता चलने के बाद उन्हें बिहार से आने में 1 दिन से ज्यादा का समय लग गया। जब वह शेरपुर चौक के पास प्राइवेट अस्पताल पहुंचे तो ससुराली शव अस्पताल में छोड़कर फरार हो गए।

Vatika