शादी के 2 साल बाद बच्चा न होने से दुखी महिला ने की आत्महत्या

punjabkesari.in Wednesday, Oct 23, 2019 - 04:49 PM (IST)

लुधियाना(तरुण): दुनिया की हर महिला अपनी कोख से संतान का सुख भोगना चाहती है परंतु जब कोई महिला इस सुख को भोगने में असफल रहती है तो वह मानसिक रूप से टूट जाती है। ऐसा ही एक मामला थाना डिवीजन नं.-4 के अंतर्गत आते क्षेत्र गांधी नगर का है जहां 2 साल से एक महिला मां न बन पाने से इतनी दुखी हो गई कि उसने गले में फंदा लगाकर अपनी जान दे दी।

सूचना मिलने के बाद थाना डिवीजन नं.-4 की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लिया। मृतका की पहचान 22 वर्षीय अर्सीवाद के रूप में हुई है।मृतका के पति पप्पू ने बताया कि वह मूल रूप से बिहार का रहने वाला है। अढ़ाई साल पहले उसकी शादी अर्सीवाद से हुई थी। उसकी पत्नी जल्द ही बच्चा चाहती थी जिस कारण वह कई तांत्रिकों के चक्कर में फंस गई थी। करीब 2 साल से बच्चा न होने कारण वह मानसिक रुप से परेशान रहने लगी।पप्पू ने बताया कि वह गांधी नगर में सिलाई का काम करता है। मंगलवार सुबह वह नाश्ता कर काम पर चला गया।

दोपहर करीब 1 बजे वह घर लौटा तो देखा कि उसकी पत्नी ने दरवाजा अंदर से बंद कर रखा है। उसने धक्का देकर दरवाजा खोला तो देखा कि उसकी पत्नी का शव चुन्नी के सहारेे कुंडी से लटक रहा है जिसके बाद उसने शोर मचाया और मकान मालिक को बुलाया।जांच अधिकारी ए.एस.आई. कुलदीप सिंह ने बताया कि करीब 1 महीने से पति-पत्नी किराए के मकान में रह रहे थे। दोनों के बीच किसी प्रकार का कोई कलेश नहीं था। पति ने पुलिस को बताया कि बच्चा न होने के कारण महिला दुखी थी। मृतका अनपढ़ थी इसलिए मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बुधवार को मृतका के शव का पोस्टमार्टम होगा और स्थिति स्पष्ट हो जाएगी।

Vatika