दिल्ली में सिखों के कत्लेआम के लिए सीधे रूप से कांग्रेस जिम्मेदार: श्वेत मलिक

punjabkesari.in Saturday, Dec 07, 2019 - 12:24 PM (IST)

लुधियाना (गुप्ता): 1984 के सिख विरोधी दंगों के लिए तत्कालीन गृहमंत्री नरसिम्हाराव को जिम्मेदार ठहराकर पूर्व प्रधानमंत्री डा. मनमोहन सिंह चौतरफा घिर गए हैं। पंजाब भाजपा के अध्यक्ष श्वेत मलिक ने दंगों के लिए सीधे तौर पर तत्कालीन प्रधानमंत्री राजीव गांधी को दोषी ठहराते हुए कहा कि राजीव गांधी ने कहा था कि जब कोई बड़ा पेड़ गिरता है तो धरती कांपती ही है।

1984 में जो जघन्य अपराध सिखों के विरुद्ध हुआ उसमें उन्हें गले में टायर डालकर मारा गया और उनकी सम्पत्तियां जला दी गईं। यह सब राजनीतिक पार्टी कांग्रेस के इशारे पर हुआ। दिल्ली में सिखों के कत्लेआम हेतु कांग्रेस जिम्मेदार है। आज लुधियाना में पत्रकार सम्मेलन को संबोधित करते हुए श्वेत मलिक ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने 1984 सिख दंगों के दोषियो को सजा देने के लिए जांच करवाई। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रयासों से दिल्ली दंगों के सज्जन कुमार सहित कई कांग्रेसी जेल में हैं। डा. मनमोहन सिंह राजीव गांधी को बचाने के लिए ऐसे वक्तव्य दे रहे हैं जिसकी जितनी निंदा की जाए कम है।

राजोआना संबंधी पूछे गए प्रश्न के उत्तर में श्वेत मलिक ने कहा कि इस संबंधी कानून अपना काम करेगा। इस मुद्दे पर अकाली दल से मतभेद है मनभेद नहीं। दोनों दल प्रदेश में कामन मिनीमम प्रोग्राम पर काम कर रहे हैं। इस दौरान पत्रकार सम्मेलन में प्रो. रजिन्द्र भंडारी, गुरदेव शर्मा देबी, प्रवीण बांसल, रविन्द्र अरोड़ा, जीवन गुप्ता, अरुणेश मिश्रा, अनिल सरीन, कमल चेटली, सुभाष डाबर, रजनीश धीमान, डा. सतीश, रेणू थापर, रविन्द्र कपलिश उपस्थित थे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Vatika

Recommended News

Related News