49.33 करोड़ की जाली बिलिंग करने वाला किंगपिन गिरफ्तार

punjabkesari.in Friday, Oct 18, 2019 - 10:25 AM (IST)

लुधियाना(धीमान): डायरैक्टरेट जनरल ऑफ  जी.एस.टी. इंटैलीजैंस की लुधियाना इकाई ने 49.33 करोड़ रुपए की जाली बिलिंग करने वाले किंगपिन को गिरफ्तार किया है। इसे मंडी गोबिंदगढ़ से धर दबोचा गया है।

जानकारी के मुताबिक मंडी गोबिंदगढ़ के नरेश कुमार ने बिना कोई स्क्रैप बेचे फर्जी तरीके से 49.33 करोड़ रुपए की जाली बिलिंग की थी। इस सारी सेल की खरीद-फरोख्त कागजों में ही दिखाई गई है। इसमें से सिर्फ  बैंक के जरिए केवल 10 लाख रुपए की सेल की गई दिखाई है। मामला तब सामने आया जब हाल ही में जी.एस.टी. इंटैलीजैंस और डी.आर.आई. ने संयुक्त रूप से देश भर में रेड की थी। छानबीन के दौरान विभाग को तब असलियत का पता चला जब लुधियाना की रैडीमेड गारमैंट बनाने वाली कंपनी बालाजी इंटरनैशनल ने आई.जी.एस.टी. क्लेम किया। इस कंपनी ने मंडी गोबिंदगढ़ की स्टील ट्रेडिंग कंपनी श्री गणेश कार्पोरेशन से बिल लिए हुए थे। जांच में सामने आया कि इस कंपनी का मालिक नरेश कुमार है। विभाग ने एडीशनल डायरैक्टर जनरल गुरशरण सिंह के आदेशों पर उसे गिरफ्तार कर लिया। इसे कल अदालत में पेश किया जाएगा। सूत्र बताते हैं कि उक्त किंगपिन से जांच में पता चला है कि मंडी गोबिंगदगढ़ की ऐसी करीब आधा दर्जन कंपनियों के नाम और सामने आए हैं जिन्होंने फर्जी बिल कर आई.टी.सी. क्लेम किया हुआ है। इनके नाम भी जल्द ही सामने आ जाएंगे। 

खन्ना का सैंट्रल जी.एस.टी. विभाग सैटिंग कर करवाता है खुद चोरी 
सैंट्रल जी.एस.टी. का इंटैलीजैंस विभाग तो टैक्स चोरी करने वालों को पकड़ रहा है लेकिन खन्ना में सैंट्रल जी.एस.टी. विभाग के अधिकारी मिलीभगत कर जाली बिलिंग करने वालों का खूब साथ दे रहे हैं। बता दें कि खन्ना कार्यालय पूरे फतेहगढ़ साहिब में पडऩे वाली इंडस्ट्री पर निगाह रखता है और टैक्स एकत्रित करता है लेकिन हाल ही में सी.बी.आई. ने वहां के एक सुपरिंटैंडैंट को 50 हजार रुपए रिश्वत लेते रंगे हाथों दबोचा था। जाली बिल पर काम करने वालों के लिए खन्ना जी.एस.टी. कार्यालय पैसे कमाने वाली मशीन बना हुआ है। इन्हें पूछने वाला कोई नहीं और सी.बी.आई. की धर पकड़ के बाद भी भ्रष्टाचार चरम सीमा पर है। 

Vatika