पुलिस ने कसा नशे के सौदागरों पर शिकंजा, कई बेनकाब

punjabkesari.in Tuesday, Jun 11, 2019 - 04:30 PM (IST)

फिल्लौर (भाखड़ी): पुलिस ने आज कई नशा सौदागरों पर शिकंजा कसते हुए उन्हें बेनकाब किया है। पुलिस ने एक किलोग्राम हैरोइन के साथ महिला नशा तस्कर को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है जो दिल्ली से हैरोइन लेकर जालंधर देने जा रही थी। पकड़ी गई हैरोइन की बाजार में कीमत 5 करोड़ रुपए बताई जाती है।एस.एस.पी. जालंधर देहाती नवजोत माहल ने बताया कि डी.एस.पी. दविंद्र अतरी के नेतृत्व में थाना प्रभारी फिल्लौर इंस्पैक्टर प्रेम सिंह पुलिस पार्टी के साथ सतलुज दरिया के नजदीक नाकाबंदी कर वाहनों की जांच कर रहे थे कि उन्होंने एक महिला को देखा जो पुलिस से आंख बचाकर बच निकलने की फिराक में थी। थाना प्रभारी प्रेम सिंह ने महिला पुलिस अधिकारी की मदद लेकर उक्त महिला को रुकवा कर उसके हाथ में पकड़े सामान की तलाशी ली तो उसमें से एक किलोगाम हैरोइन बरामद हुई जिसकी कीमत 5 करोड़ रुपए बताई जाती है। 


3 साल से दिल्ली में रह रही है मिजोरम निवासी आरोपी
पुलिस ने महिला सी.एल. चंदामी पुत्री सी.लाल. दुजडला वासी मिजोरम के विरुद्ध मुकद्दमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पकड़ी गई महिला ने बताया कि वह पिछले 3 साल से दिल्ली में रह रही है। दिल्ली में रहते हुए उसकी मुलाकात हैरोइन के बड़े नशा तस्करों से हुई वे उसे हैरोइन के पैकेट देकर डिलीवरी देने के लिए दूसरे प्रदेश भेज देते थे। |

प्रति पैकेट डिलीवरी का मिलता था 25 से 50 हजार
एक पैकेट की डिलीवरी के बदले उसे 25 से 50 हजार रुपया मिल जाता था। वह इससे पहले भी जालंधर में एक बार हैरोइन की डिलीवरी दे चुकी है। जिस व्यक्ति को हैरोइन की डिलीवरी देनी होती है उससे उसका कोई सम्पर्क  नहीं होता था। वह जैसे ही जालंधर पहुंचती तो उपर से केवल उसे निर्देश मिलता कि उसके पास फलां आदमी कुछ ही मिनटों में पहुंचेगा उसे, पैकेट पकड़ा दो जिसे देने के बाद वह वापस दिल्ली लौट जाती। एस.एस.पी. माहल ने बताया कि उनकी पुलिस पार्टी दिल्ली के उस सरगना का पता कर रही है जो हैरोइन के पैकेट देकर इन लोगों को इस्तेमाल कर पंजाब में भेज रहा है।    

Vatika