सारा दिन पुलिस के साथ रहने वाला गुरी, STF के लिए बना पहेली

punjabkesari.in Tuesday, Feb 25, 2020 - 03:36 PM (IST)

लुधियाना(राज): नशा तस्करी के आरोप में पकड़े गए पूर्व एस.एच.ओ. अमनदीप सिंह गिल के मामले में नामजद टाऊट गुरी एस.टी.एफ. के लिए पहेली बन गया है। लेकिन, सूत्रों का कहना है कि गुरी सारा दिन पुलिस वालों के साथ ही रहता था। पहले वह एंटी नारकोटिक्स सैल के एक एस.आई. के साथ होता था।

जबकि बाद में वह थाना कोतवाली के एक हैड कांस्टेबल के साथ और बाद में जब हैड कांस्टेबल प्रमोट होकर थाना डिवीजन नंबर-2 में गया तो गुरी भी उसके साथ ही चला गया था। तब से गुरी और उसके साथी थाना डिवीजन नंबर-2 के लिए ही काम कर रहे थे। वहीं, एस.टी.एफ. का कहना है कि अभी तक उन्हे गुरी का नाम, एड्रैस का पता तक नहीं चल पाया है। सूत्रों के मुताबिक अगर गुरी पकड़ा जाता है, तो पुलिस विभाग के कई एस.आई., ए.एस.आई. और कई मुलाजिमों के राज उजागर हो सकते हैं। उधर, पूर्व एस.एच.ओ. सब इंस्पैक्टर अमनदीप सिंह का सोमवार को पांच दिन का पुलिस रिमांड खत्म हो गया। सोमवार को एस.टी.एफ. की टीम ने उसे दोबारा अदालत में पेश किया जहां से उसे 2 दिन के पुलिस रिमांड पर दोबारा भेज दिया गया है। उनसे पूछताछ चल रही है। एस.टी.एफ.की टीम गुरी के साथ-साथ उन 5 लोगों को भी ढूंढ रही है, जिन्हें छोडऩे के एवज में अमनदीप सिंह ने पैसे लिए थे। इसके बाद उससे हैरोइन और मोबाइल बरामद हुआ था।

बैंक बैलेंस और प्रॉपर्टी की भी हो रही जांच 
एस.टी.एफ. की टीम आरोपी एस.एच.ओ. अमनदीप सिंह गिल के बैंक बैलेंस और प्रॉपर्टी की भी जांच कर रही है। उन्हें शक है कि उक्त एस.एच.ओ. ने ऐसे काम कर प्रॉपर्टी और बैंक बैलेंस बनाया है। इसके अलावा उसने व्हाट्सएप से किन लोगों को फोन किए वह भी जांच की जा रही है। सूत्रों का कहना है कि एस.टी.एफ. को कई ऐसे सुराग मिले हैं, जिससे टीम को काफी बड़ी लीड मिलेगी। फोन कॉल्स और व्हाट्सएप से कई पुलिस मुलाजिमों का भी पता चला है, जिनका संपर्क लगातार पूर्व एस.एच.ओ. अमनदीप सिंह से था।

क्या कहते हैं पुलिस अधिकारी     
एस.टी.एफ. के ए.आई.जी. स्नेहदीप शर्मा ने बताया कि तीनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया था। जहां से तीनों को 2 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस तीनों आरोपियों से पूछताछ करने में जुटी है।
 

Vatika