उफ ये गर्मी...! : लुधियाना में तापमान का पारा 40 डिग्री के पार

punjabkesari.in Wednesday, Apr 24, 2019 - 02:30 PM (IST)

लुधियाना (सलूजा): 3.5 डिग्री सैल्सियस के इजाफे के साथ अधिकतम तापमान का पार आज लुधियाना में 40 डिग्री को पार करते हुए 40.4 डिग्री सैल्सियस पर पहुंच गया। जब कि न्यूनतम तापमान 1.9 डिग्री सैल्सियस की बढ़ौतरी के साथ 21.2 डिग्री सैल्सियस रहा, जबकि फीलिंग 42-43 डिग्री सैल्सियस की हो रही थी। पिछले 5 वर्षों पर एक नजर डालें तो आज के दिन की तुलना में स्थानीय महानगर में अधिकतम व न्यूनतम तापमान का पारा अधिक दर्ज किया गया है। यदि नार्मल तापमान की बात करें तो वह भी पिछले वर्षों के मुकाबले अधिक रहा। हर एक की जुबान से अभी से ही यह निकलने लगा है कि उफ ये गर्मी। पंजाब खेतीबाड़ी यूनिवर्सिटी के मौसम विभाग की प्रभारी डा. प्रभजोत कौर के अनुसार सुबह के समय हवा में नमी की मात्रा 10 फीसदी बढ़ौतरी के साथ 71, जबकि शाम को हवा में नमी की मात्रा माइनस 5 फीसदी के साथ 17 फीसदी रिकार्ड की गई। 


23 अप्रैल को किस वर्ष कितना रहा तापमान का पारा
तिथि    वर्ष    अधिकतम    न्यूनतम         

23 अप्रैल    2014    34.6    18.5 डिग्री सैल्सियस
23 अप्रैल    2015    37.4    18.4 डिग्री सैल्सियस
23 अप्रैल    2016    35.4    16.0 डिग्री सैल्सियस
23 अप्रैल    2017    36.6    2&.4 डिग्री सैल्सियस
23 अप्रैल    2018    36.6    16.4 डिग्री सैल्सियस
23 अप्रैल    2019    40.4    21.2 डिग्री सैल्सियस


बिजली की मांग में 5 फीसदी उछाल
चीफ इंजीनियर पावरकॉम केन्द्रीय जोन डी.पी.एस. गरेवाल ने बताया कि गर्मी के बढऩे के साथ ही बिजली की मांग में 5 फीसदी का उछाल आया है। उन्होंने दावा किया कि आने वाले दिनों में बिजली की मांग में होने वाली बढ़ौतरी को ध्यान में रखते हुए रैगूलर व क्वालिटी भरपूर पावर सप्लाई के उचित प्रबंध किए गए हैं। यदि किसी भी उपभोक्ता को बिजली से संबंधित कोई मुश्किल पेश आती हो तो वह संबंधित ऑफिस में अपनी शिकायत दर्ज करवाए, एक निश्चत समय के दौरान कार्रवाई होगी। 

सब्जियों का रखें ध्यान
तेजी से बढ़ रही गर्मी के मद्देनजर किसानों व सब्जी उत्पादकों को चाहिए कि वह सब्जियों का ध्यान रखते हुए शाम के समय हल्का पानी देते रहे। जिला मुख्य खेतीबाड़ी अफसर डा. बलदेव सिंह ने बताया कि यदि किसी सब्जी को कीड़ा लगने की कोई शंका हो तो बिना किसी देरी के कृषि माहिर से संपर्क करे, ताकि वह होने वाले नुक्सान से बच सकें। पी.ए.यू. मौसम विभाग की प्रभारी डा. प्रभजोत कौर ने बताया कि आने वाले 24 घंटों के दौरान मौसम का मिजाज खुश्क व गर्मी वाला बना रहेगा। 


 

Vatika