जेल से बचने का उपाय करने वालों को अब आसानी से मिलेगी जेल की रोटी

punjabkesari.in Saturday, Jun 23, 2018 - 11:57 AM (IST)

लुधियाना(स्याल): ज्योतिष ग्रहों की स्थिति के अनुसार ग्रह शांति के लिए विभिन्न उपाय बताते हैं। इनमें संभावित जेल यात्रा से बचने के लिए जेल की रोटी खाने का उपाय प्रमुख है। अत: मुश्किल में फंसा साधारण नागरिक जेल की दाल-रोटी प्राप्त करने के लिए एड़ी-चोटी का जोर लगाता है और फिर भी अगर जेल की रोटी प्राप्त नहीं होती है तो वह धन-बल का उपयोग करने से भी पीछे नहीं रहता है। जेल यात्रा से बचने संबंधी उपाय करने वाले लोगों को हो रही परेशानी को देखते हुए ताजपुर रोड स्थित सैंट्रल जेल प्रशासन ने भी एक प्रस्ताव पंजाब सरकार व जेल विभाग को भेजा है। जानकारी के अनुसार ताजपुर रोड स्थित सैंट्रल जेल की कैंटीन में दाल-रोटी की थाली की सुविधा अतिशीघ्र उपलब्ध करवाए जाने की संभावना है। थाली में रोटी, दाल, रायता व सलाद आदि मिलेगा और थाली की कीमत 50 रुपए निर्धारित होगी। जेल परिसर की कैंटीन में वेरका के प्रोडक्ट दूध, दही, लस्सी, मक्खन व खीर आदि मिलेंगे। यह कैंटीन शीघ्र ही जेल में चालू की जाएगी।

खाना बनाने को देनी पड़ती है खाद्य सामग्री
महंत दिनेश पुरी ने बात करने पर बताया कि सम्भावित जेल यात्रा से बचने के लिए अक्सर यह उपाय अनेक लोगों को बताया जाता है। मगर यह उपाय तभी सफल होगा जब कोई नागरिक अपने पास से कुछ खाद्य सामग्री कैदी को तैयार करने के लिए देगा।  
     -महंत दिनेश पुरी।

पटियाला जेल में जल्द शुरू होगा सिस्टम : जेल मंत्री
इस बाबत बात करने पर जेल मंत्री सुखजिन्द्र सिंह रंधावा ने बताया कि उक्त सिस्टम 2-4 दिनों में पटियाला की सैंट्रल जेल में शुरू किया जा रहा है। अगर इसमें रिस्पांस अच्छा रहता है तो शीघ्र ही लुधियाना, अमृतसर व संगरूर की सैंट्रल जेलों में भी शुरू करवाया जाएगा।
           -जेल मंत्री, सुखजिन्द्र सिंह रंधावा। 

Punjab Kesari