हाईकोर्ट के आदेशों के बाद खुले टोल प्लाजा को बैंस समर्थकों ने धक्के से करवाया बंद

punjabkesari.in Sunday, Apr 22, 2018 - 01:51 PM (IST)

फिल्लौर/लाडोवाल(भाखड़ी, अनिल): आखिरकार हाईकोर्ट से स्टे मिलने के 2 दिन बाद लाडोवाल टोल प्लाजा शनिवार शाम साढ़े 4 बजे फिर से खुल गया। टोल प्लाजा खुलने का पता चलते ही आधे घंटे बाद लोक इंसाफ  पार्टी के कार्यकत्र्ता आधे घंटे बाद वहां पहुंच गए और प्लाजा को फिर से बंद करवाया दिया। टोल पर लगे बैरियर उठाकर गाडिय़ों को बिना टोल दिए निकलवाना शुरू करवा दिया। प्लाजा अधिकारियों ने कहा कि यह बैंस समर्थकों की धक्केशाही है। 
 

अधिकारियों ने प्लाजा किया था पूरी तरह से बंद
कपूरथला की अदालत द्वारा नैशनल हाईवे अथॉर्टी ऑफ  इंडिया को लाडोवाल टोल प्लाजा बंद करने के निर्देश दिए थे जिस पर 19 अप्रैल की सुबह टोल प्लाजा को ठेके पर लेने वाली कंपनी सोमा आईसोलैक्स के अधिकारियों ने प्लाजा पूरी तरह से बंद कर दिया था। 2 दिन बंद रहने के बाद एन.एच. वन की तरफ  से आज हाईकोर्ट में निचली अदालत के आदेशों पर वकीलों ने पेश होते हुए राहत की मांग की थी। बाद दोपहर हाईकोर्ट ने राहत प्रदान करते हुए निचली अदालत के आदेशों पर स्टे लगाकर दोबारा टोल वसूलने की मंजूरी दे दी थी। आदेशों की कापी मिलते ही शाम साढ़े 4 बजे टोल प्लाजा फिर से खोल दिया। प्लाजा खुलते ही वहां से गुजरने वाले वाहन चालकों की प्लाजा अधिकारियों से टोल फिर से वसूलने को लेकर तकरार होनी शुरू हो गई जिससे हाईवे पर दोनों तरफ  लंबा जाम लग गया।

मौके पर पहुंची पुलिस देखती रही तमाशा
टोल खुलने का पता चलते ही आधे घंटे बाद 5 बजे लोक इंसाफ  पार्टी के कार्यकत्र्ता में प्लाजा पर पहुंच गए उन्होंने आते ही टोल प्लाजा को तुरंत बंद करने को कहा जिस पर बैंस समर्थक व प्लाजा कर्मचारियों में तकरार होनी शुरू हो गई जिससे माहौल तनावपूर्ण बन गया। मौके पर पहुंची पुलिस तमाशा देखती रही। आखिरकार बैंस समर्थकों ने गाडिय़ों को रोकने के लिए टोल प्लाजा पर लगे इलैक्ट्रोनिक अवरोधक उखाड़ फैंके और गाडिय़ों को बिना टोल दिए वहां से रवाना करना शुरू कर दिया।बैंस समर्थकों ने कहा कि कपूरथला की अदालत द्वारा टोल बंद करने के आदेश दिए गए है जिसकी अगली 24 अप्रैल है तब तक टोल प्लाजा नहीं खुल सकता। प्लाजा अधिकारी इस तरह धक्केशाही कर टोल नहीं वसूल सकते। खबर लिखे जाने तक बैंस समर्थक अढ़ाई घंटे से टोल प्लाजा पर डटे हुए थे और सभी गाडिय़ों को बिना टोल दिए निकाल रहे थे।

बैंस समर्थक कानून तोड़ उड़ा रहे हैं  अदालती आदेश की धज्जियां
टोल प्लाजा के अधिकारियों ने कहा कि कपूरथला की अदालत ने प्लाजा बंद करने के निर्देश जारी कर नियमों की पालना करने के निर्देश दिए, जिस पर उन्होंने तुरंत अदालत के आदेशों की पालना करते हुए प्लाजा बंद कर उन्हें शीघ्र पूरा करना शुरू कर दिया। आज जब हाईकोर्ट ने उन्हें राहत देते हुए टोल प्लाजा फिर से वसूलने के निर्देश दिए तो हमने 4.30 बजे टोल प्लाजा खोल दिया परंतु बैंस समर्थकों ने खुलेआम कानून तोड़ते हुए उनकी अवरोधक मशीनें उखाड़ कर प्लाजा जबरन बंद करवा दिया। उन्होंने बैंस समर्थकों को हाईकोर्ट द्वारा प्लाजा खोलने के आदेशों की कापी दिखाई उन्होंने देखने से मना करते हुए धक्के से टोल बंद करवा दिया।

2 दिन प्लाजा बंद होने से कंपनी को डेढ़ करोड़ का नुक्सान
2 दिन प्लाजा बंद रहने से प्लाजा को ठेके पर लेने वाली कंपनी को अब तक डेढ़ करोड़ रुपए का नुक्सान उठाना पड़ चुका है। इस संबंध में पूछने पर प्लाजा के वरिष्ठ अधिकारी ने पुष्टि करते हुए बताया कि अदालत की फटकार के बाद बंद हुए टोल प्लाजा से उनकी कंपनी को अब तक का लगभग डेढ़ करोड़ रुपए का नुक्सान उठाना पड़ गया है।

Punjab Kesari