विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत

punjabkesari.in Saturday, Nov 16, 2019 - 03:32 PM (IST)

लुधियाना (महेश): बस्ती जोधेवाल के फाम्बड़ा के हरविंद्र नगर इलाके में करीब 19 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों मेंं मौत हो गई। मृतका की पहचान आराधना देवी के रूप में हुई है जिसके गले पर दबाए जाने के निशान पाए गए हैं। पुलिस ने उसकी हत्या की आशंका से इंकार नहीं किया है। फिलहाल शव का पंचनामा करके उसे पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया गया है। 

सब-इंस्पैक्टर अर्शप्रीत कौर ग्रेवाल का कहना है कि मामले की छानबीन की जा रही है। मृतका के परिजनों को सूचित कर दिया गया। उनके आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। समाचार लिखे जाने तक इस संबंध में कोई केस दर्ज नहीं हुआ था। पुलिस मृतका के पति दीपक व सास को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। पुलिस ने बताया कि आज प्रात: सूचना मिली कि एक विवाहिता की मौत हो गई, जिस पर पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया। घटनास्थल का मुआयना करने के बाद पुलिस ने बताया कि मृतका के गले पर दबाए जाने के निशान पाए गए हैं।

फिलहाल अभी तक यह साफ नहीं हो पाया कि उसने आत्महत्या की है या उसकी हत्या हुई है। पुलिस ने बताया कि कुछ समय पहले आराधना का विवाह दीपक के साथ हुआ था। घर में दोनों के अतिरिक्त दीपक की मां रहती है। फिलहाल पुलिस को दिए गए बयान में दीपक ने कहा कि वह अपनी पत्नी के साथ सुखी जीवन व्यतीत कर रहा था। उनमें किसी तरह का कोई झगड़ा नहीं था। वीरवार रात को काम से लौटा तो आराधना इस दुनिया को छोड़ चुकी थी। वहीं दीपक की कहानी पुलिस के गले नहीं उतर रही है। 

Vatika