लेयर वैली के निर्माण की धीमी रफ्तार को लेकर मंत्री आशु ने लगाई अधिकारियों की क्लास

punjabkesari.in Monday, Nov 04, 2019 - 04:15 PM (IST)

लुधियाना (हितेश): बी.आर.एस. नगर व लोधी क्लब रोड पर बन रही लेयर वैली के निर्माण की धीमी रफ्तार को लेकर कैबिनेट मंत्री भारत भूषण आशु द्वारा संबंधित अधिकारियों की क्लास लगाई गई है। आशु रविवार को साइट पर विजिट करने के लिए पहुंचे हुए थे। उनके साथ मेयर बलकार संधू, चेयरमैन रमन सुब्रह्मण्यम, सुनील कपूर, हरि सिंह बराड़ भी मौजूद थे। उन्होंने नगर निगम व इम्प्रूवमैंट ट्रस्ट के अधिकारियों से प्रोजैक्ट की प्रोग्रैस के बारे में जानकारी हासिल की। आशु ने बताया कि मौके पर सामने आई कुछ खामियों में सुधार करने के अलावा निर्माण में तेजी लाने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं। इसी तरह मेयर व चेयरमैन को जल्द अधिकारियों के साथ मीटिंग करके प्रोजैक्ट को पूरा करने की डैडलाइन फिक्स करने के लिए बोला गया है। इस दौरान ठेकेदारों या अधिकारियों में से जो भी लापरवाही के लिए जिम्मेदार पाया गया उसके खिलाफ  कार्रवाई की जाएगी।

बी.आर.एस. नगर में बनेगी एक और लेयर वैली
आशु ने बताया कि इस समय शरीर को फिट रखने के लिए लोगों को सैर करने के लिए जोर दिया जा रहा है जिसके लिए हरियाली वाला वातावरण होना जरूरी है। इसके मद्देनजर बी.आर.एस. नगर में रेलवे लाइन के पास खाली पड़ी जगह में एक और लेयर वैली बनाने का फैसला किया गया है जिसके लिए टैंडर खोल दिया गया है। एकाध दिन में वर्क ऑर्डर जारी कर दिया जाएगा। इस प्रोजैक्ट पर 51 लाख की लागत आएगी और उसके पूरा होने पर पर्यावरण संरक्षण के साथ बच्चों को खेलने के लिए जगह भी मिल जाएगी।

Vatika