3 दिन पहले दुबई से लौटे युवक की संदिग्ध मौत

punjabkesari.in Friday, Jul 27, 2018 - 02:20 PM (IST)

लुधियाना (ऋषि): 3 दिन पहले दुबई से वापस लौटे 28 वर्षीय युवक की वीरवार बाद दोपहर संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मौके पर पहुंची थाना शिमलापुरी की पुलिस ने शव कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। मौत की खबर का पता चलते ही युवक के घर के बाहर लोगों का तांता लग गया। लोगों की जुबां पर एक ही बात थी कि युवक की मौत उसे यहां खींच लाई।

मृतक की पहचान कर्ण निवासी गली नंबर-4, शिमलापुरी के रूप में हुई है। जानकारी देते भाई प्रताप सिंह ने बताया कि लगभग डेढ़ वर्ष पहले भाई काम के चलते दुबई गया था, उसका एक 8 वर्षीय बेटा है। उसकी पत्नी अपने मायके रहती है। भारत आते ही वह अपने ससुराल घर, ढिल्लों कालोनी चला गया। आज दोपहर 2 बजे के करीब वह अपने घर आया और आधे घंटे बाद ही तबीयत खराब होने की बात कहने लगा।

उसे तुरंत उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों का आरोप है कि उसकी मौत जहरीला पदार्थ खाने से हुई है। थाना प्रभारी इंस्पैक्टर दविंदर सिंह के अनुसार पोस्टमार्टम के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी। पुलिस सूत्रों के अनुसार परिजनों ने जिन रिश्तेदारों पर आरोप लगाया है कि पुलिस हिरासत में लेकर गहनता से पूछताछ कर रही है। 

Vatika