अवैध संबंधों के चलते हुई हत्या के मामले का दूसरा आरोपी गिरफ्तार

punjabkesari.in Friday, Sep 14, 2018 - 05:54 PM (IST)

लुधियाना(महेश): अवैध संबंधों के चलते 3 महीने पहले पुष्पिंदर की हुई हत्या के मामले में नामजद किए दूसरे आरोपी दीपक कुमार को सलेम टाबरी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस इस मामले में एक आरोपी को पहले ही गिरफ्तार करके जेल भेज चुकी है जोकि दीपक का चाचा राजेश कुमार है, जबकि पुलिस तीसरे आरोपी राहुल ब्राह्मण की तलाश में कर रही है। 

थाना प्रभारी इंस्पैक्टर विजय कुमार शर्मा ने बताया कि जस्सियां रोड के रहने वाले पुष्पिंदर का शव 20 जून को मैट्रो के निकट मिला था। जिसके सिर पर गहरा घाव था। पोस्टमार्टम में हत्या का खुलासा हुआ। तब उसकी माता रीटा की शिकायत पर हत्या का केस दर्ज किया गया था। पुष्पिंदर के सफाई कर्मी राजेश की पत्नी सीमा के साथ अवैध संबंध थे। राजेश को जब इस बात का पता चला तो उसने पुष्पिंदर व अपनी पत्नी को हड़काया। लेकिन बावजूद इसके पुष्पिंदर अपनी हरकतों से बाज नहीं आया।

जिस पर राजेश ने अपने भतीजे दीपक व राहुल के साथ मिलकर पुष्पिंदर को ठिकाने लगाने की योजना बनाई और 19 जून को अंजाम दे डाला। इसके बाद राजेश को कुछ दिनों बाद गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि दीपक को कल गांव भट्टियां इलाके में सूचना के आधार पर पकड़ा गया। शर्मा ने बताया तीसरे आरोपी जोधेवाल निवासी राहुल की तलाश में छापामारी की जा रही है। 

Vatika