ए.एस.आई. 7000 की घूस लेता विजीलैंस के हत्थे चढ़ा

punjabkesari.in Saturday, Jun 02, 2018 - 09:07 AM (IST)

लुधियाना(महेश): पंजाब पुलिस का एक अस्सिटैंट सब इंस्पैक्टर (ए.एस.आई.) कुलविंद्र सिंह ढिल्लों शुक्रवार को 7000 रुपए घूस लेता हुआ विजीलैंस के हत्थे चढ़ गया। यह राशि पति-पत्नी के  मध्य चल रहे घरेलू विवाद में केस दर्ज करने की एवज में ऐंठी गई थी। विजीलैंस ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार अधिनियम के तहत केस दर्ज करके उसकी चल व अचल संपत्ति की छानबीन शुरू कर दी है। कुलविंद्र सलेम टाबरी थाने में तैनात हैं। 

 

एस.एस.पी. विजीलैंस रूपिंद्र सिंह ने बताया कि यह कार्रवाई हैबोवाल कलां के साहिल शर्मा की शिकायत पर अमल में लाई गई है। साहिल का अपनी पत्नी भानू प्रिया के साथ घरेलू विवाद चल रहा है, जो सब्जी मंडी के निकट नानक नगर में अपने मायके में रह रही है। उसने साहिल के विरुद्ध सलेम टाबरी थाने में मारपीट की शिकायत दे रखी है। 
 

मामले की छानबीन कुलविंद्र सिंह कर रहा था, जिसने साहिल को केस दर्ज करने की धमकी देकर उससे 10,000 रुपए की डिमांड की और इसके बदले में उसका पत्नी से समझौता करवाने का भी दावा किया। जब साहिल ने इतनी बड़ी रकम देने में असमर्थता जाहिर करते हुए मिन्नत की तो आरोपी 7,000 रुपए लेने पर राजी हो गया, जिस पर पीड़ित ने इसकी शिकायत विजीलैंस के पास की। कुलविंद्र को रंगे हाथ काबू करने की जिम्मेदारी डी.एस.पी. जसविंद्र सिंह को सौंपी गई।
 

टीम ने कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद बड़े ही सुनियोजित ढंग से सरकारी गवाह कर विभाग के अधिकारी साहिल गर्ग व पिं्रसीपल जसविंद्र सिंह की मौजूदगी में आरोपी कुलविंद्र को शिकायतकत्र्ता से घूस लेते हुए रंगे हाथ धर लिया और विजीलैंस ऑफिस ले आई। रूपिंद्र ने बताया कि छानबीन के दौरान यह बात भी सामने आई कि आरोपी इससे पहले भी शिकायतकर्ता से 2,500 रुपए और भी ऐंठ चुका था और उसके बावजूद उसे धमका रहा था, जिससे परेशान होकर वह विजीलैंस के पास पहुंचा। उन्होंने बताया कि आरोपी की संपत्ति की जांच के लिए एक टीम काम पर लगा दी गई है।  

swetha