पुलिस रही नाकाम, लोगों ने सोशल मीडिया पर छेड़ी बच्चे को ढूंढने की मुहिम

punjabkesari.in Thursday, Jul 12, 2018 - 09:33 AM (IST)

फिल्लौर(भाखड़ी): पिछले 6 दिनों से शहर के धार्मिक स्थल के बाहर से गायब हुए 4 महिने के मासूम बच्चे का पुलिस कोई सुराग नहीं लगा पाई जिसके चलते लोगों ने सोशल मीडिया के माध्यम से बच्चा चुराने वाले गिरोह का पता लगाया जिसमें पता चला कि एक नकली हिजड़े ने बच्चे को उठा कर फिल्लौर से अमृतसर पहुंचाया।  

पंजाब केसरी में 4 महीने के बच्चे के गायब होने के छपे समाचार में मां की रोते हुए फरियाद करने वाली तस्वीर देख हर किसी का दिल पसीज गया। पुलिस की लापरवाही देख लोगों ने महिला का बच्चा ढूंढने के लिए सोशल मीडिया पर मुहिम छेड़ दी। गत दिवस लुधियाना के संजय नामक व्यक्ति को दरबार साहिब के गुरुद्वारा कमेटी के व्यक्ति ने फोन कर बताया कि जिस बच्चे को ढूंढने की सोशल मीडिया पर खबर वायरल हो रही है उसे एक हिजड़े के रूप में बनी नकली शादीशुदा महिला दरबार साहिब में लेकर घूम रही थी।

पहले उसने बच्चे को वहीं फर्श पर अकेले छोड़ दिया। कुछ देर बाद वह उसे उठाकर फिर ले गई। जब उन्होंने गुमशुदा बच्चे की तस्वीर के साथ सी.सी.टी.वी. कैमरे की वीडियो में नकली हिजड़े की गोद में उठाए बच्चे के साथ मिला कर देखी तो उसने पाया कि यह वही बच्चा है जिसे ढूंढा जा रहा है। उक्त हिजड़े को बच्चे के साथ सड़क पर भीख मांगते हुए भी देखा गया है। जिसकी उन्होंने सी.सी.टी.वी. फुटेज भी उन्हें भेजी। जब मां ने उस तस्वीर को देखा तो वह फूट-फूट कर रोने लगी। उसने कहा कि वह मेरा ही बच्चा है। कमेटी मैंबर ने बताया कि जब तक वह उसे पकड़ पाते तब तक वह हिजड़ा बच्चे को लेकर वहां से निकल चुका था। 

गरीब मां ने पुलिस को 200 रुपए रिश्वत की पेशकश की
अपने बच्चे को वापस पाने के लिए मां का सीना फटा जा रहा है। पिछले 6 दिनों से मईया दरबार के बाहर भूखी प्यासी बैठी मां बच्चे को पाने के लिए फरियाद कर रही है। जैसे ही उसे पता चला उसका लाल मांगने वाले हिजड़ों के गिरोह के पास अमृतसर पहुंच चुका है तो उसने फिल्लौर पुलिस के पास उसके साथ अमृतसर चल कर बच्चा वापस लाने की फरियाद लगाई। परंतु उसके साथ कोई भी पुलिस कर्मचारी जाने के लिए तैयार नहीं हुआ तो पीड़ित मां ने फिल्लौर पुलिस को पत्रकारों के सामने वहां चलने के लिए 200 रुपए रिश्वत देने की पेशकश की। 

कैसे गायब हुआ धार्मिक स्थल के बाहर से 4 महीने का मासूम 
शहर के मेन जी.टी. रोड स्थित मईया भगवान के दरबार के बाहर हर वीरवार को लगने वाले साप्ताहिक मेले में लुधियाना की रहने वाली सुदागर पत्नी सुशील अपने 2 बच्चों बड़ी बेटी अढ़ाई वर्ष और छोटा लड़का 4 महीने के साथ दरबार के बाहर दुकान सजा कर बैठी थी। जैसे ही वह दोपहर अढ़ाई बजे दोनों बच्चों को दुकान पर छोड़ लंगर लेने दरबार के अंदर गई तो 5 मिनट बाद वापस लौट कर देखा तो उसका चार महीने का मासूम बेटा गायब था। जिसको पुलिस ने ढूंढना तो क्या था उसके गायब होने का केस भी 4 दिन बाद दर्ज किया। 

क्या कहना है पुलिस का
सब इंस्पैक्टर बख्शीश सिंह ने बताया कि वह अपने स्तर पर एक बार वहां जाकर सिक्योरिटी अफसर को मिल कर बच्चे की पूरी जानकारी लेंगे। आज उनकी ड्यूटी बाहर लगी हुई है वापस लौटते ही वह पीड़ित मां के साथ खुद अमृतसर जाएंगे। 

swetha