शादी करवाने का झांसा दे हैड कांस्टेबल करता रहा दुष्कर्म

punjabkesari.in Tuesday, Mar 19, 2019 - 10:25 AM (IST)

लुधियाना(ऋषि): साहनेवाल की रहने वाली 4 बच्चों की मां ने सोमवार को पुलिस कमिश्नर के समक्ष पेश होकर लिखित शिकायत दी है। महिला का आरोप है कि पंजाब पुलिस का हैड कांस्टेबल शादी करवाने का झांसा देकर उससे कई वर्षों तक दुष्कर्म करता रहा। पुलिस कमिश्नर ने मामले की जांच ए.डी.सी.पी. गुरप्रीत कौर को सौंपी है।

पुलिस को दी शिकायत में पीड़िता ने बताया कि उसकी शादी वर्ष 2002 में हुई थी। उसके 1 लड़का और 3 लड़कियां हैं। पति नशा करने का आदी था जिसके चलते अक्सर घर पर क्लेश रहता था। वर्ष 2011 में पति ने घर पर एक दिन काफी मारपीट की। वह जान बचाने के लिए साहनेवाल रोड की तरफ भागी जहां पर खड़ी पी.सी.आर. वैन में बैठा उक्त आरोपी उसकी मदद के लिए आया। उस समय हैड कांस्टेबल मदद के लिए अपना मोबाइल नंबर देकर चला गया जिसके बाद दोनों की आपस में जान-पहचान बढ़ गई और हैड कांस्टेबल शादी करवाने का झांसा देकर दुष्कर्म करता रहा तथा उसे पति से तलाक लेने की बात कही। उसकी बातों में आकर वह अलग रहने लग पड़ी। 

महिला का आरोप है उक्त आरोपी कई कई दिनों तक उसके पास ही रहता लेकिन बाद में उसे पता चला कि वह शादीशुदा है और 3 बच्चों का पिता है। अब आरोपी ने उससे शादी करवाने से इंकार कर दिया।

Vatika