हाथ-पैर बांधकर 5 दिनों तक नाबालिग लड़की से रेप, बेटी की हालत देख रो पड़ा परिवार

punjabkesari.in Tuesday, Apr 06, 2021 - 11:04 AM (IST)

लुधियाना (तरुण): होली के दिन गायब हुई पीड़ित लड़की को वहशी दरिंदे ने 5 दिन तक बंधक बनाकर हवस का शिकार बनाया। आरोपी 11 वर्षीय पीड़िता को जान से मारने की धमकियां देकर अपने गंदे मंसूबे पूरे करता रहा। पूरा परिवार पीड़िता को 5 दिन से ढूंढ रहा था। लड़की के भाई को किसी तरह आरोपी के बारे में जानकारी मिली और उसने बहन को आरोपियों के चंगुल से आजाद करवाया और पुलिस को सूचना दी। थाना डिवीजन नं. 4 की पुलिस ने लड़की के पिता के बयान पर आरोपी धमेन्द्र के खिलाफ दुष्कर्म सहित अन्य धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। जांच अधिकारी मंजू चौधरी ने बताया कि लड़की नेहा (काल्पनिक नाम) को आरोपी 5 दिन नूरवाला रोड एक किराये के कमरे में रखता है। जहां आरोपी नेहा के हाथ-पैर बांधकर उसे अपनी हवस का शिकार बनाता है। पीड़ित लड़की की आवाज कमरे से बाहर न जाए, इसलिए आरोपी नेहा के मुंह में कपड़ा ठूंस कर रखता था। आरोपी लड़की पर काफी समय से बुरी नजर रखता था। मौका देख आरोपी ने लड़की को बंधक बनाकर वारदात को अंजाम दिया है।

आरोपी रोजाना आता था चाय की दुकान पर
पीड़ित लड़की के भाई ने बताया कि होली के दिन से वह अपनी बहन को ढूंढ रहा था। आरोपी रोजाना उसके बगल की चाय की दुकान पर आता था। इस कारण उसे जरा भी आरोपी पर शक नहीं हुआ। आरोपी रोजाना आता ओर माहौल का पता चला कर वापस चला जाता था।पीड़ित लड़की ने अपने भाई को बताया कि जब आरोपी माहौल का पता करने के लिए कमरे से निकलता था तब आरोपी का एक दोस्त उस पर नजर रखता था। इस दौरान आरोपी लड़की को बांध कर मुंह में कपड़ा ठूंस कर कमरे को ताला लगा कर जाता था।

युवक ने पीड़िता की फोटो देख दी जानकारी
पीड़िता का भाई 5 दिन से बहन को ढूंढ रहा था। इस दौरान पीड़ित लड़की के भाई ने किसी को बहन की फोटो दिखाई तो उक्त व्यक्ति ने बहन के बारे में नूरवाला रोड पर होने की जानकारी दी। इसके बाद पीड़िता का भाई अपने पिता के साथ नूरवाला रोड इलाके में पहुंचा जहां उसने अपनी बहन को ढूंढ निकाला। इस दौरान आरोपी मौके से फरार हो गया।

पीड़िता ने मां व भाई को बताई सारी दास्तां
पीड़ित लड़की नेहा 5वीं कक्षा तक पढ़ी है जो कि 2 महीने पहले ही लुधियाना आई थी। पीड़िता का परिवार प्रवासी है। 2 अप्रैल को लड़की घर पर पहुंचती है तो भाई और मां को सारी जानकारी व दास्तां बताती है। बेटी की हालत देखकर दोनों रो पड़े। पीड़ित लड़की के अनुसार आरोपी 5 दिन तक उसके साथ दुष्कर्म करता रहा। सूत्रों के अनुसार इस केस में धमेन्द्र के खिलाफ केस दर्ज किया गया है परंतु आरोपी का साथ देने वाले उसके एक साथी को गिरफ्तार किया है परंतु पुलिस ने अधिकारिक तौर पर इसकी पुष्टि नहीं की है।

भाई ने दरिंदे को काबू कर किया पुलिस के हवाले
पीड़ित लड़की के भाई ने बताया कि 2 अप्रैल को उसे बहन मिलती है परंतु आरोपी मौके से फरार हो जाता है। शाम को आरोपी के बारे में पता चलता है कि उसकी बहन के साथ घिनौनी हरकत को अंजाम देने वाला दोस्तों के साथ शराब पी रहा है। इसके बाद वह मौके पर पहुंच कर आरोपी को काबू कर पुलिस को सूचना देता है। आरोपी नशा करने का आदी है। आरोपी प्रवासी है जो कि लुधियाना में एक फैक्टरी में सिलाई का काम करता है।

Content Writer

Vatika