3 करोड़ की हैरोइन सहित एक्टिवा सवार 2 नशा तस्कर गिरफ्तार

punjabkesari.in Friday, Jul 13, 2018 - 05:05 PM (IST)

लुधियाना (अनिल): एस.टी.एफ. ने थाना दरेसी के अधीन आते बस्ती जोधेवाल चौक में नाकाबंदी के दौरान एक्टिवा सवार 2 नशा तस्करों को & करोड़ की हैरोइन सहित काबू किया है। एस.टी.एफ. लुधियाना-फिरोजपुर रेंज के इंचार्ज हरबंस सिंह ने बताया कि पुलिस ने जोधेवाल चौक में गत रात्रि नाकाबंदी की हुई थी। इसी दौरान संदेह के आधार पर एक्टिवा सवार 2 व्यक्तियों को घेर लिया।

इसके बाद एस.टी.एफ. के डी.एस.पी. राजेश कुमार को बुलाकर उक्त दोनों की तलाशी ली गई तो 600 ग्राम हैरोइन बरामद हुई, जिसकी अंतर्राष्ट्रीय बाजार में 3 करोड़ रुपए कीमत आंकी जा रही है। आरोपियों की पहचान सुखप्रीत सिंह सन्नी निवासी छावनी मोहल्ला और विनय कालड़ा निवासी मोहल्ला भगवान दास कालोनी सलेम टाबरी के रूप में हुई है। इनके खिलाफ थाना दरेसी में एन.डी.पी.एस. एक्ट अधीन केस दर्ज किया गया है। 

राजा नामक तस्कर से लाते थे हैरोइन 
जांच अधिकारी ने बताया कि दोनों आरोपी राजा नामक तस्कर से सस्ते भाव हैरोइन खरीदकर अपने ग्राहकों को महंगे भाव बेचकर मोटा मुनाफा कमा रहे थे। राजा इन्हें बुड्ढे नाले के आसपास आकर हैरोइन देकर जाता है। दोनों आरोपी खुद भी नशे के आदी हैं। पकड़े गए नशा तस्कर सुखप्रीत सिंह ने बताया कि पहले वह चिकन बर्गर बेचने का काम करता था लेकिन इसमें कुछ खास कमाई न होने के चलते वह हैरोइन तस्करी करने लगा। वहीं उसका दूसरा साथी विनय कालड़ा हेयर सैलून में काम करता था। दोनों मिलकर नशा तस्करी कर रहे थे।

एस.टी.एफ. पर हमला करने वालों की धर-पकड़ को टीमें गठित
एस.टी.एफ. के 3 पुलिसकर्मियों पर बुधवार को हुए हमले के संबंध में आज लुधियाना-फिरोजपुर रेंज के इंचार्ज हरबंस सिंह ने बताया कि इस हमले से वह डरने वाले नहीं हैं। नशा तस्करों के खिलाफ उनका मिशन जारी रहेगा। एस.टी.एफ. पुलिस टीम पर हमला करने के आरोप में थाना मोती नगर की पुलिस ने बीती रात हवलदार मक्खन सिंह की शिकायत पर कुलविंद्र सिंह निवासी नरिंद्र नगर, सावन सिंह, परमजीत सिंह, जसवीर सिंह, गुरप्रीत सिंह सहित 8-9 अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास, सरकारी ड्यूटी में बाधा डालने सहित अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया था। आज मोती नगर के थानेदार रछपाल सिंह ने बताया कि गत दिवस आरोपी गुरप्रीत सिंह को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था, जबकि अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित की गई हैं, जोकि दिन-रात छापेमारी कर रही हैं।  

Vatika