2022 के चुनावों में महागठबंधन करेगा अकाली-कांग्रेस का सफाया : खैहरा

punjabkesari.in Wednesday, Jan 23, 2019 - 12:03 PM (IST)

लुधियाना(कंवलजीत): पंजाब डैमोक्रेटिक एलायंस के लिए समान विचारधारा वालों की लोकसभा चुनावों को लेकर सर्किट हाऊस अहम बैठक हुई। इस दौरान अकाली दल व कांग्रेस पार्टी को मात देने के लिए पंजाब में महागठबंधन बनाने व लोकसभा चुनाव में प्रदेश के 13 सीटों से साफ छवि वाले उम्मीदवार ही मैदान में उतारने का ऐलान किया गया।

बैठक में लोक इंसाफ पार्टी से विधायक सिमरजीत सिंह बैंस, पंजाब एकता पार्टी से सुखपाल सिंह खैहरा, शिरोमणि अकाली दल टकसाली पार्टी से रणजीत सिंह ब्रह्मपुरा, रत्न सिंह अजनाला, सेवा सिंह सेखवां, बहुजन समाज पार्टी से गुरदीप सिंह बठिंडा शामिल हुए। खैहरा ने कहा कि बैठक का मुख्य उद्देश्य आने वाले लोकसभा चुनाव हैं। लोकसभा चुनावों में पंजाब की 13 संसदीय सीटों पर अकाली दल और कांग्रेस को टक्कर देने वाले और साफ-सुथरी छवि वाले उम्मीदवार ही मैदान में उतारे जाएंगे। सभी पक्षों को चाहिए कि पंजाब के लोगों को अकाली और कांग्रेस पार्टी की लोक विरोधी नीतियों से आजाद करवाया जाए। लोगों को चाहिए कि पंजाब में भ्रष्टाचार, नशा, रिश्वतखोरी से रहित पंजाब बनाया जाए। लोकसभा चुनावों के लिए पहला महागठबंधन किया जाएगा और आने वाले 2022 के विधानसभा चुनावों में सभी पार्टियां एक झंडे के नीचे आकर पंजाब में अकाली-भाजपा और कांग्रेस का सफाया करेंगी।

पंजाब डैमोक्रेटिक एलायंस कोई पार्टी नहीं केवल एक गठबंधन
पंजाब एकता पार्टी के अध्यक्ष सुखपाल सिंह खैहरा ने कहा कि पंजाब डैमोक्रेटिक एलायंस कोई पार्टी नहीं केवल एक गठबंधन है। इसमें कोई अध्यक्ष नहीं है। जैसे कि एक निशान, विधान और अध्यक्ष अच्छी बात है, पर लोकसभा चुनावों के लिए समय कम होने के कारण पहले महागठबंधन बनाया जाएगा, ताकि लोगों को कोई गलती न रहे।

अगर ‘आप’ को महागठबंधन में शामिल किया गया तो लोक इन्साफ पार्टी करेगी विरोध : बैंस
इस दौरान विधायक बैंस ने कहा कि पंजाब में अकाली दल और कांग्रेस ने लोगों को लूटा है। इन दोनों पार्टियों को पंजाब से चलता करने के लिए एक बैनर के नीचे इकट्ठा करने का समय की मांग है। अकाली दल ने पंजाब में माफिया राज बना कर लोगों का जीना मुश्किल किया है। उनका का पहला मंतव्य है कि सभी पार्टियां इकट्ठी हों और वह चाहते हैं कि पंजाब में वह पार्टी बने जो कि धर्म सिद्धांतों पर चल कर पंजाब के लोगों को राहत दें। अगर महागठबंधन में आम आदमी पार्टी को शामिल किया गया तो लोक इंसाफ पार्टी उसका विरोध करेगी। उन्होंने कहा कि वह पहले ही अरविन्द केजरीवाल को अच्छी तरह परख चुके हैं। अरविन्द केजरीवाल ने पंजाब में चिट्टे के माफिया बिक्रम सिंह मजीठिया को क्लीनचिट देकर पंजाब के लोगों की पीठ में छूरा घोंपा है।

Vatika