दिव्यांगों के लिए पैट्रोल पम्पों पर अलग से शौचालय बनाने की पहल

punjabkesari.in Tuesday, Mar 20, 2018 - 03:53 PM (IST)

लुधियाना( मार्च (खुराना): महानगर के प्रमुख पैट्रोल पम्पों पर दिव्यांग वर्ग के लिए अलग से शौचालय बनाने के लिए तेल कम्पनियों ने मुहिम शुरू कर दी है। इसके लिए हिन्दुस्तान पैट्रोलियम कम्पनी ने बाकायदा लुधियाना जिले से संबंधित अपने 80 में से 15 पैट्रोल पम्पों पर अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस शौचालय बनाकर उक्त वर्ग को समर्पित कर दिए हैं। जानकारी के अनुसार हिन्दुस्तान पैट्रोलियम कम्पनी (एच.पी.सी.) अपने अन्य रहते अधिकतर पैट्रोल पम्पों पर जल्द ही शौचालय बनाने का निर्माण कार्य शुरू करने जा रही है ताकि दिव्यांगों को असुविधा का सामना न करना पड़े।

इंडियन ऑयल द्वारा भी इस संबंध में अपने पैट्रोल पम्पों का सर्वे करवाया जाएगा। प्रत्येक उचित पैट्रोल पम्प पर दिव्यांग वर्ग के लिए अलग से शौचालय बनाए जाएंगे। इसके लिए कम्पनी के आलाधिकारियों को प्रपोजल बनाकर भेजा जाएगा।
-दिलप्रीत सिंह, सेल्स अफसर इंडियन ऑयल कम्पनी।


शहर की घनी आबादी वाले क्षेत्र भारत नगर चौक से सटे कम्पनी के पैट्रोल पम्प सुपर सॢवस स्टेशन पर भी महिलाओं-पुरुषों को 2 शौचालयों के अतिरिक्त दिव्यांगों के लिए अलग से शौचालय बनाने की पहल की गई है। इसमें दिव्यांग वर्ग को सीढिय़ों के स्थान पर रैम्प का आसान रास्ता दिया जाएगा ताकि अगर कोई व्हील चेयर पर शौचायल में जाए तो उसको किसी प्रकार की परेशानी न हो। वहीं शौचालय सीट के साथ एक मजबूत हैंडल भी लगाया जा रहा है ताकि उक्त दिव्यांग को सीट पर बैठने-उठने में दिक्कत न हो। हमारी टीम द्वारा अन्य रहते पैट्रोल पम्पों पर भी सर्वे किया जा रहा है ताकि बाकी बचे करीब 65 पैट्रोल पम्पों पर भी जल्द ही शौचालय बनाने के काम में तेजी लाई जा सके। इसके लिए एच.पी. कम्पनी द्वारा जारी किए जाने वाले आगामी बजट के बाद अप्रैल माह में जिन पम्पों पर उचित होगा वहां पर अलग से शौचालय बनाए जाएंगे। 
                           - रिशु चौधरी, सेल्स मैनेजर एच.पी. कम्पनी
 
 

Punjab Kesari