ट्रांसपोर्टरों की हड़ताल से थमे 25,000 ट्रकों के पहिए

punjabkesari.in Saturday, Jul 21, 2018 - 11:08 AM (IST)

लुधियाना(गुप्ता): ऑल इंडिया मोटर ट्रांसपोर्ट कांग्रेस के आह्वान पर आज राष्ट्रव्यापी हड़ताल के तहत भारत में जहां 95 लाख ट्रकों के पहिए थम गए वहीं अकेले पंजाब के लुधियाना जिले में 25,000 ट्रकों ने कोई कारोबार नहीं किया। ट्रांसपोर्टरों द्वारा अपने ट्रकों का संचालन न करने से सड़कें आज ट्रैफिक की दृष्टि से खाली दिखाई दीं। अकेले लुधियाना शहर से बाहर जाने वाले और शहर में आने वाले करोड़ों रुपए के माल का परिवहन पूरी तरह से प्रभावित रहा। इस हड़ताल से ट्रांसपोर्टरों का करोड़ों का टर्नओवर प्रभावित होगा। 

आज प्रात: लुधियाना के ट्रांसपोर्टरों ने प्रधान जसमीत सिंह पिं्रस, महासचिव मोहन सिंह गिल, जे.पी. अग्रवाल, जगदीश सिंह जस्सोवाल, जनक राज गोयल, पृथ्वीराज शर्मा, कैलाश चौधरी के नेतृत्व में केंद्र की ट्रांसपोर्ट पॉलिसी के खिलाफ जबरदस्त रोष प्रदर्शन किया। इस दौरान जसमीत सिंह पिं्रस, मोहन सिंह गिल ने कहा कि ट्रकों का संचालन पूरी तरह से रोकने के लिए ट्रांसपोर्टरों ने व्यापक रणनीति बनाई है। ट्रांसपोर्ट नगर में स्थित किसी गोदाम से माल शहर के अंदर भी इधर से उधर नहीं जाएगा। इसके लिए शहर के विभिन्न व्यापार संगठनों से समर्थन ले लिया गया है। व्यापारियों ने भी ट्रांसपोर्टरों के सहयोग का आश्वासन दिया है।

ट्रांसपोर्ट नगर में आज विभिन्न तरह के माल के हजारों नगों की अग्रिम बुकिंग नहीं हुई। दरअसल शहर के आसपास के जिलों में यहीं से माल जाता है। छोटे-छोटे व्यापारी ट्रांसपोर्ट नगर में आगे की तारीखों में माल की बुकिंग करते हैं। ट्रांसपोर्टरों ने हड़ताल खत्म होने तक बुकिंग न लेने की बात कही है। 

Punjab Kesari