युवक लुधियाना में लापता, यू.पी. में दर्ज हुई एफ.आई.आर.

punjabkesari.in Tuesday, Dec 10, 2019 - 03:43 PM (IST)

लुधियाना(राज): लुधियाना पुलिस अमूमन कुछ मीटर को लेकर हदबंदी में उलझ जाती है। लेकिन एक ऐसा मामला सामने आया है जिसमें लुधियाना में युवक लापता हुआ, मगर उसकी एफ.आई.आर. कई मिलों दूर यू.पी. में जाकर दर्ज हुई है। वजह यह है कि लुधियाना पुलिस ने लापता हुए युवक के रिश्तेदारों की शिकायत पर सुनवाई नहीं की। लापता युवक की पत्नी यू.पी. में रहती थी। इसलिए वह वहां के ए.डी.जी.पी. के सामने पेश हो गई, जिसके बाद यू.पी. पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए युवक की पत्नी की शिकायत पर युवक को अपहरण करने की एफ.आई.आर. दर्ज कर ली। अब वह लुधियाना पहुंच कर जांच कर रही है। जो काम लुधियाना पुलिस ने करना था, वह यू.पी. पुलिस कर रही है। 

दरअसल, यू.पी. के जिला खीरी के गांव खरवहिया का रहने वाला संतोष कुमार अगस्त 2019 में लुधियाना काम करने के लिए आया था। वह लुधियाना के जंडियाला में रिश्ते में लगते जीजा के साथ वेहड़े में उसी के कमरे में रहने लगा गया और ढंढारी कलां स्थित एक पानी वाली फैक्टरी में काम करने लगा। 23 नवम्बर को वह काम खत्म कर वेहड़े में आया और रात को खाना खाने के बाद अचानक कहीं चला गया। उसके रिश्तेदार सुनील का कहना है कि उन्होंने संतोष को ढूंढा मगर उसका कुछ पता नहीं चला। इसलिए उन्होंने थाना जमालपुर के अंतर्गत चौकी रामगढ़ में शिकायत दी। पुलिस ने शिकायत लेकर उन्हें वापस भेज दिया था। सुनील का कहना है कि चौकी पुलिस ने उसे कहा कि संतोष मिला तो उन्हें सूचना दे दी जाएगी।

लुधियाना आकर संतोष को ढूंढ रही यू.पी. पुलिस 
अब यू.पी. के जिला खीरी की पुलिस लुधियाना आई हुई है जो संतोष को ढूंढ रही है। वह पहले उस वेहड़े में गई, जहां संतोष रिश्तेदरों के साथ रहता था। जिन पर आरोप था कि वे भी पुलिस के साथ ही थे। इसके बाद पुलिस चौकी रामगढ़ गई और फिर सिविल अस्पताल की मोर्चरी चैक करने पहुंची कि कहीं कोई अज्ञात शव न हो। मगर फिर भी संतोष का कुछ पता नहीं चल पाया है। 

लोकल पुलिस पर  सहयोग न देने का आरोप
यू.पी. पुलिस का कहना है कि संतोष लुधियाना से लापता हुआ है। उसे ढूंढने में लुधियाना पुलिस उनका सहयोग नहीं कर रही है। वह अपने तौर पर अलग-अलग जगह संतोष के पोस्टर लगा पूछताछ कर रहे हैं ताकि उसका कुछ पता चल सके।
 

swetha