शुद्ध पानी के नाम पर धोखा!

punjabkesari.in Saturday, Jun 09, 2018 - 10:37 AM (IST)

मोगा(गोपी राऊंके): जिला प्रबंधकीय काम्पलैक्स में जल सप्लाई एवं सैनीटेशन विभाग के अंतर्गत चल रहे आर.ओ. में अधिकारियों के नाक तले शुद्ध ठंडा पानी सप्लाई के नाम पर धोखा किया जा रहा है। सरेआम कैम्परों में बाजार की बर्फ से पानी ठंडा कर सरकारी दफ्तरों के अलावा बाजार में दुकानों आदि पर सप्लाई किया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार जिला सचिवालय में जल सप्लाई एवं सैनीटेशन विभाग की ओर से इस आर.ओ. के शुद्ध पानी की सप्लाई का ठेका एक कंपनी को दिया हुआ है। यह कंपनी सरकारी दफ्तरों में इस शुद्ध ठंडे पानी का 12 लीटर का कैम्पर का प्रति माह 250 रुपए वसूल कर रही है, जबकि बाजार, घरों व दुकानों आदि पर इस शुद्ध ठंडे पानी का 12 लीटर का कैम्पर प्रति माह 450 रुपए वसूल कर रही है।
 

यहां जिला सचिवालय में अधिकारियों के नाक तले आर.ओ. पर सरेआम बाजार की बर्फ से पानी ठंडा कर लोगों को सप्लाई किया जा रहा है। इस आर.ओ. प्लांट द्वारा साफ पानी के नाम पर कथित ठगी की जा रही है। वाहनों द्वारा सुबह से शाम तक पानी की हजारों कैनियां आदि में यह सप्लाई किया जा रहा है। यहां तो पानी की कैनियां सप्लाई करने वाले मजदूर जहां सफाई की तरफ कोई ध्यान नहीं देते, वहीं वह जूते समेत बर्फ पर चढ़कर बर्फ कैम्परों और कैनियों में डाल रहे हैं। स्थानीय जन स्वास्थ्य विभाग ने आज तक इस पानी के सैंपल भरने की जरूरत नहीं समझी।

आर.ओ. को मक्खियों आदि से बचाने का कोई प्रबंध नहीं है।
यहां कैनियों व कैम्परों में पानी भरकर सप्लाई किया जाता है। इन कैम्परों व कैनियों की सफाई की तरफ बिल्कुल ही ध्यान नहीं दिया जाता। आर.ओ. प्लांट पारदर्शी शीशे के कवर नीचे लगा होना चाहिए, जहां मक्खी-मच्छर या किसी किस्म के कीटाणु न हों। काम करने वाले व्यक्ति के साफ-सुथरे कपड़े एवं मुंह ढके होने चाहिएं। कैनियां पारदर्शी, साफ एवं सीलबंद पैक वाली हों, जिनमें से साफ पानी दिखाई दे। ऐसी कई सावधानियां बरतनी होती हैं।

क्या कहना है आर.ओ. के आप्रेटर का
आर.ओ. के आप्रेटर केवल सिंह ने कहा कि आर.ओ. का ए.सी. कई दिन से खराब है और लोगों की मांग है कि उनको ठंडा पानी सप्लाई किया जाए। वह लोगों की मांग मुताबिक बाजार में से बर्फ लाकर पानी ठंडा कर सप्लाई कर रहे हैं।

जल सप्लाई अधिकारी का पक्ष
जल सप्लाई एवं सैनीटेशन विभाग के स्थानीयकार्यकारी इंजीनियर जसविंद्र सिंह चहल ने संपर्क करने पर कहा कि यह मामला उनके ध्यान में नहीं, पर बाजार की बर्फ से पानी ठंडा कर सप्लाई करना गलत है। वह इसकी जांच करवाएंगे।

swetha