करंट की चपेट में आने से बुजुर्ग की मौत

punjabkesari.in Friday, Aug 16, 2019 - 03:45 PM (IST)

मोगा (आजाद): जीरा रोड मोगा निवासी दलीप सिंह (98) की करंट की चपेट में आकर मौत होने का पता चला है। इस संबंधी थाना सिटी मोगा के सहायक थानेदार सुखजीत सिंह द्वारा मृतक के बेटे सतवंत सिंह निवासी जीरा रोड मोगा के बयानों पर कार्रवाई की गई है।

जानकारी के अनुसार सतवंत सिंह ने बताया कि वह खेतीबाड़ी का काम करता है। उसका पिता दलीप सिंह बुजुर्ग होने के कारण खूंडे के सहारे चलता है। हमारे घर के पास स्थित राइस मिल का बिजली ट्रांसफार्मर सड़क पर ही लगा हुआ है और उसके आसपास तार की जाली लगी हुई है। गत 14 अगस्त को जब मेरे पिता शाम के समय शौच करने के लिए बाहर निकले, तो उनका खूंडा ट्रांसफार्मर की जाली से टकरा गया जिसमें अचानक करंट आने से उसके पिता वहीं गिर गए।

इस दौरान मेरे बेटे नछत्तर सिंह, गुरविन्द्र सिंह व दामाद वरिन्द्र सिंह ने उन्हें उठाकर सिविल अस्पताल मोगा पहुंचाया। मेरे पिता की नाजुक हालत को देखते हुए डाक्टरों ने उन्हें सी.एम.सी. लुधियाना रैफर कर दिया, वहां उपचार दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। जांच अधिकारी सहायक थानेदार सुखजीत सिंह ने कहा कि बुजुर्ग दलीप सिंह के शव को सिविल अस्पताल मोगा से पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया।

Mohit