बच्ची सहित पुत्रवधू को मारपीट कर घर से निकाला

punjabkesari.in Saturday, Mar 24, 2018 - 10:25 AM (IST)

मोगा(आजाद): मोगा के गांव शेरपुर तायबा निवासी महिला ने अपने पति व ससुरालियों पर पैसों की मांग पूरी न किए जाने पर उसे बच्ची सहित मारपीट कर घर से बाहर निकालने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर कथित आरोपियों की तलाश आरंभ कर दी है।

 

जिला पुलिस अधीक्षक को दिए शिकायत पत्र में पीड़िता ने कहा कि उसकी शादी 1 मार्च, 2014 को बलदेव सिंह पुत्र बचन सिंह निवासी गांव बकैन, कुरुक्षेत्र (हरियाणा) के साथ हुई थी। उसके मायके वालों ने शादी के समय अपनी हैसियत के अनुसार दहेज दिया, लेकिन उसके ससुराली परिवार वाले इस दहेज से खुश नहीं थे। 
 

उसने 2015 में एक बेटी को जन्म दिया। उसका पति ससुराली परिवार के अन्य सदस्यों से कथित मिलीभगत करके उसके सारे स्कूली सर्टीफिकेट, आधार व वोटर कार्ड आदि ले गया और उसके माता-पिता से कहने लगा कि हमने उसे नौकरी पर लगवाना है, जिसके लिए हमें डेढ़ लाख रुपए चाहिए। मेरे माता-पिता ने पैसे देने से इंकार कर दिया। इसी बात को लेकर पति तथा ससुराल परिवार के अन्य सदस्य उससे मारपीट व परेशान करने लगे।

 

पीड़िता ने बताया कि उसके मायके वालों ने कई बार पंचायत के माध्यम से उन्हें समझाने का भी प्रयास किया, लेकिन किसी ने कोई बात नहीं सुनी। उसका पति मारपीट करने के बाद उसे 19 मई, 2015 को बस स्टैंड मोगा पर छोड़कर चला गया। वह किसी तरह अपने मायके घर पहुंची और पुलिस को सूचित किया। इस संबंधी वूमैन सैल को भी जानकारी दी थी, लेकिन फिर भी उन्होंने उसे घर ले जाने से इंकार कर दिया और दहेज का सारा सामान भी हड़प लिया।

आरोपियों की तलाश जारी : सहायक थानेदार
जिला पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर इस मामले की जांच डी.एस.पी. धर्मकोट द्वारा की गई। जांच में पीड़िता के आरोप सही पाए जाने पर उसके पति बलदेव सिंह, ससुर बचन सिंह, सास बलवीर कौर, जेठ रंजीत सिंह व जेठानी अमरजीत कौर निवासी गांव बकैन, कुरुक्षेत्र (हरियाणा) के खिलाफ थाना धर्मकोट में पैसों के लिए मारपीट करने के आरोपों के तहत मामला दर्ज कर लिया गया। इस मामले की अग्रिम जांच कर रहे सहायक थानेदार गुरदेव सिंह ने बताया कि कथित आरोपियों की तलाश की जा रही है, जिनकी गिरफ्तारी बाकी है।

Punjab Kesari