मनरेगा के 2 गुटों में टकराव, 4 घायल

punjabkesari.in Tuesday, Jan 28, 2020 - 07:28 PM (IST)

मोगा (संजीव): जिले के गांव झंडिआना सरकी में सरकारी हाई स्कूल में मनरेगा का कार्य करते हुए 2 गुट आपस में भिड़ गए, जिसके चलते दोनों गुटों के 2 व्यक्ति घायल होकर सरकारी अस्पताल में भर्ती हुए हैं। अस्पताल प्रशासन ने उपचार हेतु दोनों गुटों के व्यक्तियों को अलग-अलग बिल्डिंग के कमरों मे भर्ती किया है। एक गुट के घायल राम सिंह पुत्र पाखर सिंह व पाखर सिंह पुत्र दर्शन सिंह निवासी गांव झंडेआना सरकी ने बताया कि गुरुद्वारा साहिब ने सरकारी हाई स्कूल का कार्य मनरेगा के अंतर्गत हाथ में लिया था।

उन्होंने बताया कि इसके तहत हम दोनों गुट सांझे तौर पर कार्य कर रहे थे। इस दौरान दूसरे गुट के व्यक्ति ने कहा कि राम सिंह काम सही ढंग से करो वरना गुरुद्वारे वाले हटा देंगे। मेरे द्वारा जवाब देने पर उन्होंने दूसरे गुट के 4-5 मजदूरों को बुलाकर मुझे बुरी तरह घायल कर दिया। शोर सुनकर मेरा बेटा भी वहां आया तथा मुझे छुड़ाने लगा तो उन लोगों ने बेटे को भी मारपीट कर घायल कर दिया। मजदूर साथियों ने हम बाप-बेटे को मोगा के सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया।

अस्पताल में ही भर्ती दूसरे गुट के चमकौर सिंह पुत्र जीत सिंह व नारायण सिंह पुत्र मेजर सिंह निवासी दोनों गांव झंडेयाना सरकी ने बताया कि उक्त दोनों बाप-बेटे सरकारी हाई स्कूल में पड़ी लोहे की स्क्रैप को चोरी से बेचने का प्रयास कर रहे थे। हम दोनों मनरेगा साथियों द्वारा चोरी करने से रोकने पर बाप-बेटे तथा उनके 2 साथियों ने हम दोनों को बुरी तरह मारा-पीटा। चमकौर सिंह के अनुसार नजदीक में ही उनकी भाभी भी कार्य कर रही थी जब वह हमें छुड़ाने आई तो बाप-बेटे ने उनको भी पीटा, जिसके चलते हमारे मनरेगा साथियों ने हमें मोगा के मथुरादास सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया जहां हमारा उपचार चल रहा है। अस्पताल प्रशासन द्वारा दोनों गुटों की सूचना पुलिस को दे दी गई है।

Mohit