आयकर विभाग में इंस्पैक्टर भर्ती करवाने के नाम पर 10 लाख ठगे

punjabkesari.in Saturday, Apr 21, 2018 - 04:50 PM (IST)

मोगा (आजाद) : प्रीत नगर मोगा निवासी कृपाल सिंह ने एक व्यक्ति पर उसके बेटे को आयकर विभाग में इंस्पैक्टर भर्ती करवाने का झांसा देकर 10 लाख रुपए की ठगी मारने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर कथित आरोपी की तलाश आरंभ कर दी है। 

 

जिला पुलिस अधीक्षक मोगा को दिए शिकायत पत्र में कृपाल सिंह पुत्र चरण दास नागपाल ने कहा कि वह दवाईयों की दुकान करता है। कथित आरोपी अनिल गोयल निवासी जालंधर कालोनी मोगा हमारे पास आता-जाता था। उसके बेटे सुशांत नागपाल जो एस.डी. पब्लिक स्कूल में पढ़ता था, की 10 वीं कक्षा में कपार्टमैंट आ गई थीं। वर्ष 2016 में उसने कर्पाटमैंट का पेपर दिया, लेकिन वह पास नहीं हो सका। उसे  अनिल गोयल ने कहा कि वह उसके बेटे को शिक्षा बोर्ड से पास करवा देगा। इस पर 30 हजार रुपए खर्च आएगा, जो उसके कहने पर उसने उसे दे दिए। इसके बाद उसने उसके बेटे को पास करवाने के बाद आयकर विभाग में क्लर्क लगवाने  का झांसा देकर 10 लाख रुपए ऐंठ लिए। जब उन्होंने कथित आरोपी से बातचीत की तो वह टालमटोल करने लगा।  जिला पुलिस अधीक्षक मोगा के आदेश पर इस मामले की जांच डी.एस.पी. सिटी केसर सिंह द्वारा की गई। जांच में आरोप सही पाए जाने पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


 

swetha