खुदकुशी के लिए मजबूर करने के मामले में शामिल भगौड़ा गिरफ्तार

punjabkesari.in Tuesday, Feb 19, 2019 - 10:15 AM (IST)

मोगा (आजाद): खुदकुशी करने वाले कारज सिंह निवासी गांव मूसेवाला के मामले में शामिल उसके ससुर भगौड़े सुखदेव सिंह निवासी गांव मसीतां को कोटईसे खां पुलिस द्वारा गिरफ्तार कर लिया है।

इस संबंध में हवलदार सुरजीत सिंह ने बताया कि गुरमीत सिंह पुत्र शफी सिंह निवासी गांव मूसेवाला ने पुलिस को दिए शिकायत पत्र में आरोप लगाया था कि उसके बेटे कारज सिंह की शादी डेढ़ वर्ष पहले वीरपाल कौर निवासी गांव मसीतां के साथ हुई थी। उसके बेटे को उसकी पत्नी व ससुर धमकियां देते रहते थे, जिससे उनका आपसी विवाद चल रहा था। हमने कई बार उन्हें समझाने का प्रयास किया, लेकिन गत 4 जुलाई 2016 को मेरे बेटे ने अपनी पत्नी व ससुर से तंग आकर कोई जहरीली दवाई पीकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली।

इस संबंध में कोटईसे खां पुलिस द्वारा उसकी पुत्रवधू वीरपाल कौर व उसके पिता सुखदेव सिंह निवासी गांव मसीतां के खिलाफ खुदकुशी के लिए मजबूर करने के आरोपों तहत मामला दर्ज किया गया था। उक्त मामले में सुखदेव सिंह को अदालत द्वारा 15 जनवरी 2019 को भगौड़ा घोषित किया गया था। हवलदार सुरजीत सिंह ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर भगौड़े आरोपी सुखदेव सिंह को गिरफ्तार किया गया। उसके खिलाफ अदालत के आदेशों की अवहेलना करने पर मामला दर्ज करने के बाद उसको अदालत में पेश किया गया, जहां अदालत ने उसे न्यायिक हिरासत में भेजने का आदेश दिया।

Anjna