ट्रांसपोर्ट माफिया पंजाब रोडवेज को लाखों का लगा रहा चूना

punjabkesari.in Wednesday, Oct 17, 2018 - 12:36 PM (IST)

मोगा (गोपी): पंजाब रोडवेज कर्मचारी दल की प्रदेश कमेटी के फैसले पर बस स्टैंड मोगा में धरना लगाकर सरकार का पुतला फूंककर नारेबाजी की गई। इस अवसर पर प्रदेश महासचिव रशपाल सिंह मौजगढ़ ने कहा कि  पंजाब की कांग्रेस सरकार हर फ्रंट पर फेल हो चुकी है। मुलाजिम वर्ग सरकार से परेशान होकर आज सड़कों पर आ रहा है। ट्रांसपोर्ट माफिया पंजाब में सरेआम अवैध बसें चलाकर रोजाना पंजाब रोडवेज को 50 लाख रुपए का चूना लगा रहा है।

सरकार द्वारा जो नई ट्रांसपोर्ट नीति 2 महीने में लागू करने का वायदा किया गया था, वह भी ठंडे बस्ते में डाल दी गई है। माननीय हाईकोर्ट के 20 दिसम्बर, 2016 के फैसले अनुसार जो 12210 परमिट रद्द किए गए थे, वे भी आज सड़कों पर उसी तरह चल रहे हैं। अमृतसर के बस अड्डे के गेट पर अलग बस स्टैंड बनाकर अवैध बसें चलाई जा रही हैं। जालंधर पी.ए.पी. चौक से भी इसी तरह अवैध बसें चलाई जा रही हैैं। इस अवसर पर पंजाब रोडवेज पैंशनर्ज एसोसिएशन के दलजीत सिंह भुल्लर, गुरमेल सिंह राऊके, स्वर्ण सिंह शाह बुक्कर, गुरदेव सिंह, अवतार सिंह पप्पू व चनन सिंह ने सरकार से जल्द मांगों की ओर ध्यान देने की मांग की।

क्या हैं मुख्य मांगें
डी.ए. की बकाया 4 किस्तें दी जाएं।
23 महीने का पिछला बकाया दिया जाए।
ट्रांसपोर्ट माफिया पर नकेल डाली जाए।
बस अड्डों में गुंडागर्दी पर नकेल डाली जाए। 
 

bharti