लूटपाट की योजना बना रहे गिरोह के 5 मैंबर हथियारों सहित काबू

punjabkesari.in Saturday, Jun 22, 2019 - 07:15 PM (IST)

मोगा (आजाद): मोगा पुलिस की ओर से लूटपाट करने वाले गिरोहों को काबू करने के लिए चलाई जा रही मुहिम को उस समय सफलता मिली, जब सी.आई.ए. स्टाफ मोगा ने लूटपाट करने की योजना बना रहे गिरोह के 5 मैंबरों को पिस्तौल तथा तेजधार हथियारों समेत काबू कर उनसे लूटी गई नकदी भी बरामद की जबकि गिरोह का एक मैंबर भागने में सफल हो गया। पुलिस ने 6 मैंबरों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

सी.आई.ए. स्टाफ मोगा के इंचार्ज इंस्पैक्टर त्रिलोचन सिंह ने बताया कि जिला पुलिस अधीक्षक मोगा के निर्देशों पर गलत अनसरों के खिलाफ लूटपाट करने वाले गिरोहों को बेनकाब कर काबू करने के लिए चलाई जा रही मुहिम के तहत लूटपाट करने की योजना बना रहे गिरोह के 5 मैंबरों को काबू किया गया। उन्होंने बताया कि जब सहायक थानेदार गुरबख्श सिंह पुलिस पार्टी समेत इलाके में गश्त करते हुए गांव डाला के पास जा रहे थे, तो उनको गुप्त सूत्रों से जानकारी मिली कि कुछ हथियारबंद व्यक्ति गांव डाला के नजदीक नहरी विभाग के रैस्ट हाऊस में बैठकर डकैती तथा लूटपाट की योजना बना रहे हैं।

इस पर उन्होंने तुरंत पुलिस पार्टी समेत इलाके को जा घेरा तथा गिरोह के जगप्रीत सिंह, जोबनप्रीत सिंह, बलतेज सिंह सारे निवासी गांव हरीके (श्री अमृतसर साहिब), गुरप्रीत सिंह गांव दानेवाल, राजिन्द्र कुमार उर्फ सोनू देव निवासी गांव तल्लन को काबू कर लिया, जबकि इनका एक साथी गब्बर सिंह निवासी गांव जोगेवाला भागने में सफल हो गया।

गब्बर सिंह की गिरफ्तारी के लिए छापामारी जारी
सी.आई.ए. स्टाफ के इंचार्ज त्रिलोचन सिंह ने बताया कि पुलिस ने उक्त गिरोह के जगप्रीत सिंह के पास से 32 बोर देसी पिस्तौल समेत 2 जिंदा कारतूस के अलावा 80 हजार रुपए नकद बरामद किए, जोबनप्रीत सिंह से आई-20 कार के अलावा एक कृपाण बरामद की गई, बलतेज सिंह से एक कृपाण, हरप्रीत सिंह से लोहे का खंडा तथा राजिन्द्र कुमार से लोहे का कापा बरामद किया गया जबकि गब्बर सिंह को गिरफ्तार करने के लिए छापामारी की जा रही है। उन्होंने बताया कि उक्त गिरोह ने बरामद किए गए 80 हजार रुपए विभिन्न व्यक्तियों से पिस्तौल की नोक पर छीने थे, जिसके बारे में पूछताछ की जा रही है।

आरोपियों पर पहले भी हैं कई मामले दर्ज
जांच अधिकारी सहायक थानेदार गुरबख्श सिंह ने बताया कि गिरोह के जोबनप्रीत सिंह व जगप्रीत सिंह के खिलाफ पहले भी लड़ाई-झगड़ों और अन्य धाराओं के 4 मामले दर्ज हैं तथा तरनतारन पुलिस की ओर से दर्ज मामलों में भगौड़े हैं। इसी तरह राजिन्द्र कुमार उर्फ सोनू देव डी.बी. (दाऊद बहरीन) कंपनी के नाम पर वारदातें करता था, अब उसने अपना नाम बदल कर सोनू देव रख लिया था तथा लुधियाना रहने लग गया था। उन्होंने कहा कि दूसरे कथित आरोपियों को लेकर भी जांच की जा रही है तथा पता लगाने का प्रयत्न किया जा रहा है कि उक्त गिरोह ने कौन-कौन सी वारदातें की हैं।

अदालत ने दिया 2 दिन का पुलिस रिमांड
इस संबंधी मैहना पुलिस की ओर से जगप्रीत सिंह, जोबनप्रीत सिंह, बलतेज सिंह, हरप्रीत सिंह, राजिन्द्र सिंह उर्फ सोनू देव तथा गब्बर सिंह के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज करने के बाद आज उनको माननीय अदालत में पेश किया गया। अदालत द्वारा उक्त पांचों का 2 दिन का पुलिस रिमांड दिया गया। पुलिस द्वारा भगौड़े गब्बर सिंह को काबू करने के लिए उसके छुपने वाले शक्की ठिकानों पर छापामारी की जा रही है।

Mohit