10 दिन से लापता युवक का खेत से मिला शव

punjabkesari.in Sunday, Mar 17, 2019 - 03:45 PM (IST)

मोगा (आजाद): थाना फतेहगढ़ पंजतूर के अंतर्गत पड़ते गांव संघेड़ा के नौजवान युवक वरिंदर सिंह (22) जो पिछले 10 दिनों से लापता था, का शव उनके गांव में ही गेहूं के खेत से मिलने का पता चला है। शव मिलने का पता चलने पर धर्मकोट के डी.एस.पी. रशपाल सिंह, थाना प्रभारी सुखजिंदर सिंह, सहायक थानेदार सिकंदर सिंह तथा सहायक थानेदार कुलदीप सिंह पुलिस पार्टी सहित वहां पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु सिविल अस्पताल पहुंचाया।

जानकारी के अनुसार वरिंदर सिंह गत 6 मार्च को अपनी माता को घर में यह कहकर गया था कि वह गांव में होकर आ रहा है, लेकिन वापस घर नहीं आया। इस पर उसके परिजनों ने उसकी बहुत तलाश की और उसके पिता बलवीर सिंह द्वारा थाना फतेहगढ़ पंजतूर में गुमशुदगी रिपोर्ट दर्ज करवा दी। आज जब सुबह गांव खंभे के पूर्व सरपंच जरनैल सिंह के खेत में काम करने वाला खेत मजदूर गेहूं पर स्प्रे कर रहा था तो उसने खेत में एक युवक का शव पड़ा देखा। उसने इसकी जानकारी गांववासियों को दी, जिस पर वरिंदर के परिजनों ने शव की पहचान करके पुलिस को सूचित किया।

वहीं डी.एस.पी. धर्मकोट रछपाल सिंह ने बताया कि मृतक के परिजनों ने शक जाहिर किया था कि उनके बेटे वरिन्द्र सिंह की हत्या हुई है। इस पर पुलिस द्वारा थाना फतेहगढ़ पंजतूर में मृतक के पिता बलवीर सिंह के बयानों पर कमलप्रीत सिंह निवासी गांव मेलक अकालियां के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है।

Mohit