इंगलैंड ले जाने का झांसा देकर की शादी,मांग पूरी न करने पर विवाहिता को घर से निकाला

punjabkesari.in Monday, Mar 19, 2018 - 01:24 PM (IST)

मोगा (आजाद): मोगा जिले के गांव की एक विवाहिता ने अपने धर्मकोट निवासी पति व ससुराली परिवार के अन्य सदस्यों पर लाखों रुपए की मांग पूरी न किए जाने पर उसे मारपीट कर घर से बाहर निकालने का आरोप लगाया है। पुलिस ने पीड़िता के पिता के बयानों पर मामला दर्ज कर कथित आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

क्या हुई पुलिस कार्रवाई 
जिला पुलिस अधीक्षक मोगा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए इसकी जांच एस.पी.आई. मोगा को करने का आदेश दिया। जांच के बाद धर्मकोट पुलिस द्वारा पीड़िता के पिता की शिकायत पर बलदेव सिंह व उसके भाई गुरजीत सिंह निवासी ढोलेवाला रोड धर्मकोट के खिलाफ दहेज खातिर मारपीट करने के आरोपों तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। इस मामले की अग्रिम जांच कर रहे सहायक थानेदार बलविंद्र सिंह ने बताया कि कथित आरोपियों की गिरफ्तारी बाकी है।

क्या है मामला 
जिला पुलिस अधीक्षक मोगा को दिए शिकायत पत्र में पीड़िता ने कहा कि उसकी शादी 28 फरवरी, 2017 को बलदेव सिंह पुत्र स्वर्ण सिंह निवासी धर्मकोट के साथ धार्मिक रीति-रिवाजों के अनुसार हुई थी। शादी के समय बताया गया था कि बलदेव सिंह इंगलैंड का पक्का रहने वाला है और वह शादी करके लड़की को साथ ले जाएगा, लेकिन शादी के बाद पति बलदेव सिंह व जेठ गुरजीत सिंह उसे मायके से और नकदी लाने के लिए कहने लगे और कहा कि जब तक हमें 2 लाख रुपए नहीं मिलते वे उसे इंगलैंड नहीं भेजेंगे।

मेरे मायके वालों ने उनकी मांग पूरी कर दी, लेकिन इसके बाद भी वे और पैसों की मांग करने लगे। इस पर हमें शंका हुई तथा पता चला कि ससुराली परिवार ने यह कहकर कि बलदेव सिंह इंगलैंड से आया है, हमारे साथ धोखा किया है। मायके वालों ने मेरे पति व ससुराली परिवार के अन्य सदस्यों को समझाने का प्रयास किया तथा कहा कि वे उनकी और मांग पूरी नहीं कर सकते। ससुराली परिवार वाले उसे तंग-परेशान करने के साथ-साथ तलाक की मांग करने लगे। आखिर उन्होंने उसे मारपीट कर घर से निकाल दिया। अब मैं अपने मायके घर रहने को मजबूर हूं।
 

Punjab Kesari