मोगा शहर में बढ़ती ट्रैफिक समस्या बनी चिंता का विषय, लोग परेशान
punjabkesari.in Monday, Oct 05, 2026 - 05:52 PM (IST)
मोगा (बिन्दा): मोगा शहर में दिन-प्रतिदिन बढ़ रही ट्रैफिक समस्या के कारण आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। शहर की मुख्य सड़कों और बाजारों में वाहनों की बढ़ती संख्या के कारण अक्सर जाम की स्थिति बन जाती है। विशेषकर स्कूलों और कार्यालयों के समय सड़कों पर यातायात का दबाव काफी बढ़ जाता है।
देव समाज स्कूल के प्रिं. अनुराग धूरिया और प्रिं. रेनू गुम्बर ने कहा कि शहर के कई व्यस्त इलाकों में सड़कों के किनारे वाहनों की बेतरतीब पार्किंग भी ट्रैफिक समस्या का प्रमुख कारण बन रही है। दुकानों के सामने और बाजारों में वाहन खड़े करने से सड़कों की उपयोगी चौड़ाई कम हो जाती है, जिससे यातायात की रफ्तार प्रभावित होती है। इसके अलावा कई बार ऑटो रिक्शा, ई-रिक्शा और अन्य वाहनों द्वारा सड़कों पर ही सवारियां चढ़ाने-उतारने के कारण भी जाम की स्थिति पैदा हो जाती है।
स्कूल मैनेजर दपिंदर पाल सिंह संधू ने कहा कि ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए मुख्य चौराहों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में यातायात प्रबंधन को और मजबूत करने की जरूरत है। अवैध पार्किंग पर सख्ती, उचित पार्किंग व्यवस्था तथा ट्रैफिक नियमों का पालन सुनिश्चित करने से समस्या को काफी हद तक कम किया जा सकता है। लोगों ने प्रशासन से इस दिशा में जल्द प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

