जन्मदिन सेलीब्रेट करने निकले थे डाक्टर, एक साथ निकली 3 की जान

punjabkesari.in Monday, Mar 19, 2018 - 10:34 AM (IST)

मथुरा/फाजिल्का: यमुना एक्सप्रैस-वे पर कल रात हुए सड़क हादसे में कार सवार महिला चिकित्सक सहित 3 डाक्टरों की मौत हो गई तथा 4 गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में 2 महिला एवं 2 पुरुष चिकित्सक शामिल हैं।


वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक स्वप्निल ममगाई ने बताया कि सुरीर कोतवाली के अंतर्गत रात अढ़ाई बजे यह भयानक हादसा उस समय हुआ जब हाल ही में एम.बी.बी.एस. डिग्री की पढ़ाई पूरी करने वाले एम्स के जूनियर डाक्टरों का एक दल अपने साथी डा. हर्षद का जन्मदिन मनाने के लिए दिल्ली से आगरा जा रहा था। तेज गति से जा रही चिकित्सकों की इनोवा कार अनियंत्रित होकर आगे चल रहे कैंटर ट्रक में जा घुसी। कार में सवार सातों चिकित्सक बुरी तरह से फंस गए। कार चला रहे डा. हर्षद (35), डा. यशप्रीत (26) एवं महिला चिकित्सक डा. हेमबाला (25) ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मृतकों में एक डाक्टर महाराष्ट्र, दूसरा हरियाणा और तीसरा पंजाब के जिला फाजिल्का का रहने वाला है। फाजिलका के डाक्टर यशप्रीत के घर जब यह दुखदायी खबर पहुंची तो परिवार शोक में डूब गया। 

Punjab Kesari