अमृतसर ब्लास्टः निरंकारी भवन पर ग्रेनेड हमले का मास्टरमाइंड गिरफ्तार

punjabkesari.in Saturday, Nov 24, 2018 - 07:17 PM (IST)

अमृतसर/चंडीगढ़:  राजासांसी के गांव अदलीवाल स्थित निरंकारी भवन में चल रहे सत्संग के दौरान हुए ग्रेनेड हमलें के मुख्य आरोपी अवतार सिंह निवासी चक्क मिशरी खां को आज अमृतसर देहाती पुलिस ने गांव ख्याला कलां से गिरफ्तार किया जिसे देर सायं अदालत में पेश करने के उपरांत जांच के लिए 7 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस ने अवतार सिंह को ख्याला कलां के रहने वाले उसके मासड़ त्रिलोक सिंह की मोटर से गिरफ्तार किया जो वहां पुलिस से छिप कर रात गुजार रहा था। 



ग्रेनेड हमले के बाद से ही अवतार सिंह ठिकाने बदल-बदल कर रह रहा था जबकि पुलिस पूरी तरह से उस पर शिकंजा कसे हुई थी। गिरफ्तारी के दौरान अवतार सिंह के कब्जे से 32 बोर की 2 पिस्तौले जिसमें एक अमरीका मेड है के अतिरिक्त 4 मैग्जीन व 25 राऊंड गोलियां बरामद की गई। पुलिस अब अवतार सिंह की निशानदेही पर उसका साथ देने वाले कुछ अन्य लोगों को गिरफ्तार करने के लिए छापामारी कर रही है, जिसमें थाना ब्यास के अधीन पड़ते गांव का रहने वाले रणजीत सिंह खालसा का भी नाम सामने आया है, जिसकी अधिकारिक तौर पर पुष्टि देहाती पुलिस द्वारा की गई है। पुलिस द्वारा अवतार सिंह का साथ देने वाले बिक्रमजीत सिंह को पुलिस पहले ही स्थानीय लोहारका रोड से गिरफ्तार चुकी है जो पुलिस रिमांड पर चल रहा है।



18 नवम्बर 2018 की सुबह 11:15 के करीब राजासांसी के गांव अदलीवाल का निरंकारी भवन पर एक नकाबपोश ने सत्संग के दौरान स्टेज की ओर ग्रेनेड से अटैक कर दिया था। ग्रेनेड के फटते ही एक जोरदार धमाका हुआ और आग लग गई। ब्लास्ट की चपेट में आए 3 श्रद्धालुओं की मौत हो गई थी और 19 के करीब घायल हो गए थे। धमाके के बाद कुछ क्षनों के लिए समय जैसे रुक सा गया था, मगर गहरे धुंए के बीच श्रद्धालुओं के चीखने चिलाने की आवाजें आनी लगी थी। जिसके बाद सत्संग हाल से बाहर खड़े सेवादारों ने तुरंत घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया था और मौके पर पहुंची पुलिस ने इसकी जांच शुरू कर दी थी।  
 


 

swetha