Big Breaking: अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर बादल पर हमला, अस्पताल में भर्ती
punjabkesari.in Thursday, Aug 13, 2026 - 06:17 PM (IST)
पंजाब डेस्क : शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल पर एक बार फिर जानलेवा हमला हुआ है। मिली जानकारी के अनुसार सुखबीर बादल गत दिन अपने परिवार के साथ नांदेड़ साहिब पहुंचे थे। ये हमला गुरुद्वारा माता साहिब कौर में हुआ।
मिली जानकारी के अनुसार इस दौरान सुखबीर बादल पर तेजधार हथियार से हमला किया गया, जिससे उनके हाथों में चोट आई है। वहीं इस हमले में सुखबीर सिंह बादल की सुरक्षा में तैनात पुलिस कर्मी संतोष हेगड़े भी घायल हो गया है। इस दौरान सुरक्षा कर्मी ने हमलावर को रोकने की कोशिश की जिसमें वह घायल हो गया। फिलहाल इस समय सुखबीर सिंह बादल को यशोसाई अस्पताल में भर्ती हैं। बताया जा रहा है कि, गुरुद्वारा माता साहिब कौर में एक निहंग ने उन पर कृपाण से हमला किया है।
बताया जा रहा है कि, हमला करने वाले निहंग जसपाल सिंह को वहां पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों और अन्य लोगों ने काबू कर लिया है। पुलिस उसे हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। फिलहाल अभी हमले की असली वजह सामने नहीं आई है। पुलिस द्वारा सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है।
महाराष्ट्र सीएम ने दिए सख्त आदेश
मिली जानकारी के अनुसार महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने नांदेड़ ने पुलिस अधीक्षक को सुखबीर बादल पर हुए हमले की जांच के सख्त आदेश दिए हैं।
आखिर कौन है हमलावर जसपाल सिंह?
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार सुखबीर बादल पर हमला करने वाला जसपाल सिंह इसी गुरुद्वारा में काम करता है। हमले के दौरान वह निहंग सिंह वेश में था। वह गुरुद्वारा परिसर में मौजूद था। किसी बात को लेकर बहस होने पर उसने अचानक कृपाण से सुखबीर बादल पर हमला कर दिया। फिलहाल पुलिस द्वारा पूछताछ जारी लेकिन अभी तक हमले की असली वजह सामने नहीं आई है।
2024 में धार्मिक सजा के दौरान भी हुआ था हमला
आपको बता दें कि, सुखबीर सिंह बादल पर इससे पहले 4 दिसंबर 2024 को अमृतसर में श्री दरबार साहिब में हमला हुआ था। इस दौरान प्रदेश द्वार पर उन पर फायरिंग की गई, जिसमें वह बाल-बाल बच गए। हमले के दौरान सुखबीर सिंह बादल श्री अकाल तख्त साहिब की तरफ से सुनाई गई धार्मिक सजा काट रहे थे। इस दौरान उनके पैर में फ्रैक्चर हो रखा था और वह व्हीलचेयर पर बैठ थे। सजा के दौरान गले में पट्टी डाल कर, नीली पोशाक पहनकर और हाथ में भाला लेकर पहरेदार के रूप में सेवा कर रहे थे। हमलावर ने 9mm की पिस्ट से सुखबीर बादल पर गोली चलाई थी। सुखबीर बादल को धार्मिक सजा अकाली दल सरकार के दौरान हुई गुरु ग्रंथ साहिब की बेअदबी की घटनाओं को लेकर सुनाई गई थी। श्री दरबार साहिब में सजा के दूसरे दिन उन पर हमला हुआ था।
सुखबीर बादल का परिवार
शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री सुखबीर बादल का जन्म 9 जुलाई 1962 को पंजाब के फरीदकोट में हुआ। उनके पिता दिवगंत प्रकाश सिंह बादल और माता सुरिंदर कौर बादल है। उनकी पत्नी हरसिमरत कौर बादल बठिंडा से लोकसभा सांसद और पूर्व केंद्री मंत्री है। सुखबीर बादल के पिता दिवंगत प्रकाश सिंह बादल 5 बार पंजाब के मुख्यमंत्री रह चुके हैं। सुखबीर बादल के दो बेटियां गुरलीन और हरकीन और एक बेटा अनंतवीर है।
सुखबीर बादल का राजनीतिक सफर
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि, सुखबीर बादल ने 1990 के दशक में राजनीति में कदम रखा था। वह 1996, 1998 और 1999 में फरीदकोट और 2019 में फिरोजपुर में लोकसभा सीट से सांसद बनें। इसके अलावा वह 1998 से 1999 (अटल बिहारी वाजपेयी सरकार) के दौरान केंद्रीय उद्याग राज्यमंत्री रहे थे। 2009 से 2017 तक लगातार 2 बार पंजाब के उपमुख्यमंत्री रहे। जलालाबाद विधानसभा क्षेत्र से वह 3 बार विधायक बन चुके हैं। सुखबीर सिंह बादल को 2008 में अकाली दल का अध्यक्ष बनाया गया था। तब से लेकर अब तक वह अध्यक्ष पद पर बने हुए हैं।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

