हां, मैंने ही मरवाया MooseWala को, सलमान खान भी निशाने पर...Gangster गोल्डी बराड़ ने बताया खतरनाक Plan
punjabkesari.in Tuesday, Jun 27, 2023 - 07:57 AM (IST)

पंजाब डेस्क: मशहूर पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला की हत्या के मामले में एक बड़ी खबर सामने आई है। कुख्यात गैंगस्टर गोल्डी बराड़ ने चौंकाने वाला खुलासा करते हुए कहा कि उसने ही सिद्धू मूसेवाला की हत्या कराई है। सिर्फ इतना ही नहीं, उसने यह भी कहा कि फिल्म अभिनेता सलमान खान भी उसके निशाने पर है। मौका मिलने पर जरूर मारेंगे। यह बात उसने एक समाचार चैनल के साथ बातचीत में कही। गौरतलब है कि गोल्डी बराड़ भारत का मोस्ट वांटेड है और इंटरपोल ने भी उसके खिलाफ नोटिस जारी किया हुआ है।
एक इंटरव्यू में बराड़ ने कहा कि मूसेवाला बिगड़ा हुआ था। उसके पास पैसे बहुत ज्यादा हो गए थे, इसलिए उसे घमंड हो गया था। उसने बताया कि मूसेवाला के पास पैसे की पॉवर के साथ-साथ पॉलिटिकल पॉवर भी काफी ज्यादा थी। वह इन सबका मिसयूज करने लगा था। ये बहुत सारी वजहें थीं मूसेवाला को मारने की। उसने हमारे कुछ निजी नुक्सान किए थे, कुछ ऐसी गलतियां की थीं, जो माफ करने लायक न थीं। इसलिए हमने उसको सजा दे दी।
खालिस्तान और आई.एस.आई. पर भी बोला
इसके अलावा गोल्डी बराड़ खालिस्तान और आई.एस.आई. को लेकर भी बोला। दाऊद इब्राहिम पर उसने कहा कि जिन लोगों ने हमारे देश में बम धमाके किए उनके साथ हमारी कोई दोस्ती नहीं है। बराड़ ने बताया कि पाकिस्तान में बैठे आतंकी हरविंद्र सिंह रिंदा से उसकी बात होती थी। इसके मुताबिक रिंदा ने ही सिद्धू मूसेवाला के साथ उसका समझौता कराया था। गोल्डी ने यह भी कहा कि वह ड्रग्स में डील नहीं करता है। हालांकि उसने पाकिस्तान से हथियारों की तस्करी से इंकार नहीं किया।