भाजपा का जम्मू क्षेत्र में 51 प्रतिशत घटा वोट बैंक

punjabkesari.in Monday, Oct 22, 2018 - 06:35 PM (IST)

जालंधर(धवन): भाजपा चाहे जम्मू में हुए स्थानीय निकाय चुनावों में सबसे ज्यादा सीटें जीतने का जश्न मना रही है परंतु वास्तविकता यह है कि कम हो रहा वोट बैंक भाजपा के लिए खतरे की घंटी है। निकाय चुनावों का अगर बारीकी से अध्ययन किया जाए तो जम्मू शहर में पड़ती 3 विधानसभा सीटों में भाजपा के वोट बैंक में 51 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई है। भाजपा सांबा, कठुआ, उधमपुर, डोडा तथा रियासी जिलों में भी अपना प्रभुत्व गंवा चुकी है। 

भाजपा में मची खलबली 
जम्मू शहर को भाजपा अपना गढ़ समझती थी परन्तु उसमें 51 प्रतिशत की गिरावट आने से भाजपा के अंदर खलबली सी मच गई है। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार 2014 में हुए राज्य विधानसभा चुनावों में भाजपा जम्मू शहर में पड़ती तीन विधानसभा सीटों गांधीनगर, जम्मू पूर्वी तथा जम्मू पश्चिमी में 1,48,081 वोटें हासिल हुई थीं परन्तु अब सम्पन्न हुए स्थानीय निकाय चुनावों में भाजपा की वोटें सिमट कर 72503 पर आ गई, जोकि विधानसभा चुनावों की तुलना में 75578 कम बताई गई है। इस तरह जम्मू में भाजपा की वोटें आधे से ज्यादा कम हो गई है, जिससे भाजपा के अंदर खलबली सी मच गई है। 

कांग्रेस हुई मजबूत स्थिति 
जम्मू नगर निगम के 63 वार्ड तीनों विधानसभा हलकों में पड़ते हैं। 2014 के आंकड़ों को अगर देखा जाए तो जम्मू पश्चिमी में भाजपा को 69627 वोटें मिली थीं, जबकि गांधीनगर में भाजपा को 56679 तथा जम्मू पूर्वी में उसे 21776 वोटें मिली थीं। अब निकाय चुनावों में देखा जाए तो उसे इन तीनों विधानसभा हलकों में क्रमश: 34013, 30058 तथा 8432 वोटें मिली हैं जोकि भाजपा के लिए गंभीर चिन्ता का विषय पैदा कर रही हैं, जबकि दूसरी ओर कांग्रेस ने अपनी स्थिति जम्मू के तीनों हलकों में काफी सुधारी है।

लोकसभा चुनाव को लेकर भाजपा के लिए खतरे की घटी
2019 के लोकसभा चुनाव को लेकर भाजपा के लिए खतरे की घंटी बज गई है। क्योंकि इन तीनोंंंविधानसभा हलकों ने ही भाजपा को जम्मू-पुंछ लोकसभा सीटें जीतने में मदद की थी। केवल शहरी क्षेत्रों में ही नहीं बल्कि जम्मू के बाहरी क्षेत्रों में भी भाजपा के वोट बैंक में भारी गिरावट दर्ज की गई है। अभी चूंकि लोकसभा के आम चुनावों में कुछ महीनों का समय बाकी है, इसलिए आने वाले महीनों में भाजपा के लिए अपनी स्थिति सुधारना संभव दिखाई नहीं दे रहा है। 
 

Vaneet