कश्मीर में ताजा बर्फबारी, पंजाब व हरियाणा में ठंड का प्रकोप बरकरार

punjabkesari.in Sunday, Jan 10, 2021 - 09:39 AM (IST)

चंडीगढ़(एजैंसियां): पंजाब और हरियाणा में शनिवार को भी ठंड का प्रकोप जारी रहा, हालांकि इस क्षेत्र में न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया गया। जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर और कश्मीर घाटी के कुछ अन्य इलाकों में शनिवार को ताजा बर्फबारी हुई। श्रीनगर और घाटी के कुछ अन्य हिस्सों में ताजा बर्फबारी के कारण सुबह कई उड़ानों को रद्द किए जाने के बाद शनिवार को देर शाम कश्मीर में हवाई यातायात बहाल कर दिया गया। कई विमान यहां पहुंचे और यहां से रवाना हुए।  

श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग 7वें दिन यातायात के लिए बंद रहा। हिमपात के कारण लगातार छठे दिन भी केरन, करनाह, माछिल और तंगधार जैसे सीमावर्ती कस्बे तथा दूरदराज के कई गांव समूची कश्मीर घाटी से कटे रहे। उधर, हिमाचल के मनाली में अटल टनल के नॉर्थ पोर्टल से तांदी के बीच लगभग 6 जगह हिमस्खलन हुआ। आम लोगों को अटल टनल से आने-जाने की अनुमति नहीं है, लेकिन आपात स्थिति में आने-जाने वाले लोग प्रशासन की अनुमति से टनल होते हुए जा रहे हैं। 

Sunita sarangal