लंदन में भारतीय उच्चायोग के बाहर हुए प्रदर्शन के बाद भारत का बड़ा Action
punjabkesari.in Saturday, Mar 25, 2023 - 09:08 AM (IST)

पंजाब डेस्क: दिल्ली पुलिस ने लंदन स्थित भारतीय उच्चायोग पर 19 मार्च को हुए विरोध प्रदर्शन के संबंध में एफ.आई.आर. दर्ज की है। यह कार्रवाई केंद्रीय गृह मंत्रालय के निर्देश पर की गई है, दोषी पाए जाने पर इनका पासपोर्ट रद्द किया जाएगा। मामले की जांच स्पैशल सैल को सौंपी गई है। स्पैशल सैल ने मामले की जांच में तफ्तीश के लिए आई.बी. की मदद मांगी है जबकि प्रदर्शन में कई भारतीय नागरिक शामिल होने की आशंका है। ये लोग भारतीय पासपोर्ट की मदद से ब्रिटेन पहुंचे और यहां पर देश विरोधी गतिविधियों को अंजाम दिया। फिलहाल सी.सी.टी.वी.कैमरों की फुटेज की मदद से पुलिस आरोपियों की पहचान कर रही है।
अधिकांश लोग पंजाब के हैं, जो अलगाववादी अमृतपाल सिंह के खिलाफ पंजाब में कार्रवाई होने पर प्रदर्शन कर तिरंगे का अपमान कर रहे थे। दिल्ली पुलिस की ओर से शुक्रवार को इस बारे में जानकारी देते हुए बताया गया है कि 19 मार्च, 2023 को लंदन में खालिस्तान समर्थकों द्वारा भारतीय उच्चायोग के सामने विरोध प्रदर्शन और तोडफ़ोड़ करने के संबंध में एफ.आई.आर. दर्ज की गई है। पुलिस ने इस मामले में आई.पी.सी., यू.ए.पी.ए. और पी.डी.पी.पी. अधिनियम की उपयुक्त धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। केंद्रीय गृह मंत्रालय द्वारा दिल्ली पुलिस को इस घटना के संबंध में उचित कानूनी कार्रवाई करने के लिए कहने के बाद यह एफ.आई.आर. दर्ज की गई है।
दिल्ली में छिपे हैं खालिस्तान समर्थक...
खालिस्तान समर्थकों के दिल्ली एवं इसके आसपास छिपे होने के सुराग भी मिले हैं। स्पैशल सैल ने इससे पहले पश्चिम दिल्ली के विभिन्न इलाकों में खालिस्तान समर्थक और देश के खिलाफ दीवारों पर नारे लिखने के मामले में 2 युवकों को गिफ्तार किया था। इनके भी तार लंदन से जुड़े हुए थे। खुफिया विभाग की तरफ से कुछ प्रदर्शनकारियों की पहचान की गई है। इसकी जानकारी स्पेशल सैल को दी गई है। हालांकि इनमें से ऐसे कई लोग हैं जो कई वर्ष पहले विदेश गए थे।
प्रदर्शन में शामिल जिन लोगों के बारे में खुफिया विभाग को पता चला है, उनमें पंजाब के तरनतारन, मजीठा, होशियारपुर और संगरूर के रहने वाले हैं। पुलिस इन पर सख्त कार्रवाई की तैयारी कर रही है।