दिलजीत दोसांझ के दिल्ली शो पर लगा ब्रेक! पुलिस ने क्यों रोकी अनुमति? जानें

punjabkesari.in Thursday, Oct 22, 2026 - 07:00 PM (IST)

पंजाब डैस्क : पंजाबी गायक और बॉलीवुड अभिनेता दिलजीत दोसांझ के फैंस को झटका लग सकता है। 30 अक्टूबर को दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू (JLN) स्टेडियम में होने वाले उनके कॉन्सर्ट को दिल्ली पुलिस ने अनुमति देने से इनकार कर दिया है। पुलिस ने त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और कानून-व्यवस्था की चुनौतियों को इसकी वजह बताया है। यह कार्यक्रम दिलजीत दोसांझ के ‘ऑरा इंडिया टूर’ के तहत आयोजित किया जाना था। इस संबंध में दिल्ली पुलिस के दक्षिण जिला पुलिस उपायुक्त (DCP) कार्यालय ने कार्यक्रम के आयोजक बुकमायशो को पत्र भेजकर फैसले की जानकारी दी है।

त्योहारों के बीच सुरक्षा व्यवस्था बनी वजह

पुलिस के मुताबिक, आयोजकों ने 14 अक्टूबर को 30 अक्टूबर को होने वाले कार्यक्रम के लिए अनुमति मांगी थी। आवेदन की समीक्षा के बाद पुलिस ने मौजूदा परिस्थितियों में कार्यक्रम को मंजूरी देने में असमर्थता जताई। पुलिस ने बताया कि त्योहारों के दौरान दिल्ली के संवेदनशील स्थानों और महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करना जरूरी होता है। ऐसे में बड़े कॉन्सर्ट के लिए पर्याप्त पुलिसकर्मियों की व्यवस्था करना चुनौतीपूर्ण हो सकता है।

हजारों फैंस की भीड़ को संभालना भी चुनौती

कॉन्सर्ट में बड़ी संख्या में प्रशंसकों के पहुंचने की संभावना थी। ऐसे आयोजन में भीड़ को नियंत्रित करने, प्रवेश और निकासी की व्यवस्था करने तथा सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए व्यापक इंतजाम जरूरी होते हैं। पुलिस ने इन्हीं चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए अनुमति देने से इनकार किया है। दिलजीत के दिल्ली कॉन्सर्ट को लेकर अब आयोजकों की अगली रणनीति पर नजर रहेगी। फिलहाल, उपलब्ध जानकारी के अनुसार, 30 अक्टूबर के प्रस्तावित शो को पुलिस की मंजूरी नहीं मिली है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Subhash Kapoor

Related News