पंजाब में कोहरे का कहर, कल बारिश की संभावना

punjabkesari.in Friday, Jan 22, 2021 - 09:18 AM (IST)

चंडीगढ़/श्रीनगर/शिमला(वार्ता, ब्यूरो): पंजाब समेत पश्चिमोत्तर क्षेत्र में अगले 2 दिन मौसम खुश्क रहने के बाद 23 जनवरी को बारिश की संभावना है और 24 जनवरी को घने कोहरे की संभावना है। क्षेत्र में पिछले 24 घंटों में कोहरा छाया रहा। दोपहर तक धूप निकली लेकिन पूरी तरह कोहरा नहीं छंट सका और शाम होते ही पूरा इलाका फिर कोहरे की चादर में लिपट गया। 

कश्मीर घाटी में शुक्रवार और शनिवार को बर्फबारी का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं पहलगाम में पारा माइनस 9.3 डिग्री रिकार्ड किया गया है। न्यूनतम तापमान के साथ-साथ घाटी में बारिश की वजह से अधिकतम तापमान में भी गिरावट देखी गई। श्रीनगर की विश्व प्रसिद्ध डल झील और अन्य जल-निकाय जमे हुए हैं। अधिकारियों ने लोगों, विशेष तौर पर युवाओं और बच्चों को जमे हुए पानी पर न चलने की चेतावनी दी है। 

हिमाचल प्रदेश के अधिकतर क्षेत्रों में पिछले एक सप्ताह से मौसम साफ बना हुआ है। जहां दिन के समय अच्छी धूप खिल रही है, वहीं शाम को ठंडक महसूस की जा रही है। मौसम विभाग की मानें तो 22 जनवरी से मौसम के एक बार फिर से करवट बदलने की संभावना है। 23 व 24 जनवरी को प्रदेश के अधिकतर क्षेत्रों में बारिश व बर्फबारी की संभावना बनी हुई है। राजधानी शिमला व आसपास के क्षेत्रों में वीरवार को सुबह से ही मौसम साफ रहा।

Sunita sarangal