कण-कण में गूंजा ‘वाहु-वाहु गोबिंद सिंह...’
punjabkesari.in Monday, Dec 25, 2017 - 10:59 AM (IST)

पटनाः रूहानियत के इस अलौकिक नजारे में पांच प्यारों के नेतृत्व में श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी सोने की पालकी में सुशोभित थे। इस मौके पर चौर साहिब की सेवा तख्त श्री पटना साहिब के जत्थेदार ज्ञानी इकबाल सिंह कर रहे थे। नगर कीर्तन अपने तय समय मुताबिक 1 बजे गुरुद्वारा गऊ घाट साहिब से शुरू होकर तख्त श्री पटना साहिब में पहुंचा। दोनों गुरुद्वारा साहिबानों के बीच की दूरी साढ़े 5 किलोमीटर है। यह नगर कीर्तन लगभग साढ़े 3 किलोमीटर लम्बे करीब एक लाख श्रद्धालुओं के सैलाब के साथ पटना शहर की गलियों में साहिब-ए-कमाल गुरु गोबिंद सिंह जी के प्रकाश उत्सव की खुशियां बांटता गया।
नगर कीर्तन के दौरान कण-कण में ‘वाहु-वाहु गोबिंद सिंह आपे गुरु चेला’ की धुनें गूंज रही थीं। नगर कीर्तन लोकल बैंड व स्कूल के बच्चों के साथ देर रात दरबार साहिब में पहुंचा। इस नगर कीर्तन में बाबा बिधि चंद सुरसिंह वालों सहित निहंग जत्था अपने घोड़ों के साथ युद्ध कला के जौहर पेश करता हुआ नगर कीर्तन का नेतृत्व कर रहा था। इसके अलावा ऊंट व हाथी भी नगर कीर्तन की शोभा बढ़ा रहे थे। नगर कीर्तन में बिहार के मूल निवासी भी कीर्तनी जत्थे के रूप में शामिल थे। इसके अलावा हजूर साहिब, मुम्बई, दिल्ली, तख्त पटना साहिब का अपना कीर्तनी जत्था कीर्तन कर रहा था। नगर कीर्तन में श्रद्धालुओं के साथ केंद्रीय मंत्री एस.एस. आहलूवालिया व शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के पूर्व प्रधान अवतार सिंह मक्कड़ भी शामिल हुए।