भारत ने खालिस्तान समर्थक 'सिख फॉर जस्टिस' पर लगाया 5 साल का प्रतिबंध

punjabkesari.in Wednesday, Jul 10, 2019 - 08:03 PM (IST)

नई दिल्ली/चंडीगढ़: भारत ने सिख फॉर जस्टिस संगठन (एसएफजे) पर प्रतिबंध लगा दिया है। अलगाववादी एजेंडे के चलते केंद्रीय गृह मंत्रालय ने इस संगठन पर प्रतिबंध लगाया है न्यूयॉर्क स्थित सिख फॉर जस्टिस संगठन अवैध तरीके से अपनी गतिविधियां चला रहा है जिससे पंजाब में हालात बिगड़ रहे हैं।

गुरपतवंत सिंह पन्नू और परमजीत सिंह इस संगठन के प्रमुख लोग हैं जो अपनी गतिविधियां चला रहे हैं। ये फैसला सरकार ने कई सिख संगठनों की राय के बाद लिया है। ये संगठन रेफरेंडम 20-20 चला रहा था। ये संगठन एक ऑनलाइन कैंपेन चला रहा था। साथ ही ये खालिस्तान संगठन को जिन्दा और पंजाब में माहौल खराब करने की कोशिश कर रहा था। अब तक इस संगठन पर भारतीय एजेंसियों ने 11 मामले दर्ज कराए हैं। भारत सरकार ने फिलहाल इस संगठन पर पांच साल का प्रतिबंध लगाया है।

इसको लेकर पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह का भी बयान सामने आया, उन्होंने कैबिनेट द्वारा लिए गए इस फैसले का स्वागत किया। उन्होंने इसे भारत-विरोधी और आईएसआई-समर्थित संगठन की अलगाववादी योजनाओं और डिजाइनों से राष्ट्र की रक्षा करने की दिशा में पहला कदम बताया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार को सिख फॉर जस्टिस संगठन (एसएफजे) को आतंकवादी संगठन के रूप में घोषित करना चाहिए। इससे पहले कई बार आई.एस.आई की तरफ से इस संगठन के सहारे पंजाब में माहौल बिगाडऩे की कोशिश की जा चुकी है। सुरक्षा एजेंसियों ने लंबे समय से खालिस्तान ग्रुप सिख फॉर जस्टिस की गतिविधियों पर लंबे समय से नजर रखी हुई थी।


 

Vaneet